समाहरणालय, बक्सर
(जिला जन सम्पर्क कार्यालय)
प्रेस विज्ञप्ति : दिनांक 08 जुलाई 2026
आज दिनांक 08 जुलाई 2026 को जिला पदाधिकारी, बक्सर, श्रीमती साहिला की अध्यक्षता में केंद्र प्रायोजित प्रधानमंत्री अनुसूचित जाति अभ्युदय योजना के अंतर्गत आदर्श ग्राम योजना से संबंधित प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन समाहरणालय परिसर स्थित सभाकक्ष में किया गया।
यह सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय, भारत सरकार की शत-प्रतिशत केंद्र प्रायोजित योजना है। इस योजना का मुख्य उद्देश्य चयनित ग्रामों का समग्र सामाजिक एवं आर्थिक विकास सुनिश्चित करना तथा आवश्यक आधारभूत संरचनाओं का विकास करना है।
योजना के अंतर्गत ग्राम चयन का आधार यह है कि संबंधित ग्राम में अनुसूचित जाति की जनसंख्या न्यूनतम 500 हो अथवा कुल आबादी का कम-से-कम 40 प्रतिशत अनुसूचित जाति की हो।
आदर्श ग्राम योजना के अंतर्गत 10 प्रमुख डोमेन निर्धारित किए गए हैं, जिनमें पेयजल एवं स्वच्छता, शिक्षा, स्वास्थ्य एवं पोषण, सामाजिक सुरक्षा, ग्रामीण सड़क एवं आवास, विद्युत एवं स्वच्छ ईंधन, कृषि पद्धतियाँ, वित्तीय समावेशन, डिजिटलीकरण तथा आजीविका एवं कौशल विकास शामिल हैं। इन डोमेन के अंतर्गत कुल 50 मॉनिटरेबल इंडिकेटर निर्धारित किए गए हैं, जिनके आधार पर आदर्श ग्राम विकास योजना तैयार की जानी है।
योजना के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु जिला स्तर पर जिला पदाधिकारी की अध्यक्षता में जिला स्तरीय योजना मूल्यांकन एवं अभिसरण समिति का गठन किया गया है। साथ ही चयनित 46 ग्रामों में संबंधित ग्राम पंचायतों के मुखिया की अध्यक्षता में ग्राम स्तरीय योजना मूल्यांकन एवं अभिसरण समिति का भी गठन किया गया है।
योजना के क्रियान्वयन के दौरान चयनित ग्रामों में सर्वेक्षण कर आँकड़ों को मोबाइल ऐप पर संकलित किया जाएगा। इसके उपरांत ग्राम सभा से ग्राम विकास योजना का अनुमोदन प्राप्त किया जाएगा। तत्पश्चात जिला स्तरीय समिति द्वारा अनुमोदन के बाद प्रस्ताव राज्य स्तरीय समिति को भेजा जाएगा। राज्य स्तर से स्वीकृति प्राप्त होने के उपरांत प्रस्ताव केंद्र सरकार को प्रेषित किया जाएगा। केंद्र सरकार द्वारा राशि विमुक्त किए जाने के पश्चात संबंधित ग्राम पंचायतों को निधि उपलब्ध कराई जाएगी, जिसके माध्यम से चयनित ग्रामों में सभी आवश्यक विकासात्मक एवं आधारभूत संरचना संबंधी योजनाओं का क्रियान्वयन किया जाएगा।
योजना के अंतर्गत जिले में कुल 46 ग्रामों का चयन किया गया है। इनमें राजपुर प्रखंड के 14 ग्राम, चौसा प्रखंड के 4 ग्राम, इटाढ़ी प्रखंड के 8 ग्राम, बक्सर प्रखंड के 6 ग्राम, डुमराँव प्रखंड के 5 ग्राम, नावानगर प्रखंड के 3 ग्राम, चौगाई प्रखंड के 2 ग्राम, चक्की प्रखंड का 1 ग्राम, सिमरी प्रखंड का 1 ग्राम तथा ब्रह्मपुर प्रखंड के 2 ग्राम शामिल हैं।
कार्यशाला के दौरान जिला कल्याण पदाधिकारी, बक्सर द्वारा सभी जिला स्तरीय पदाधिकारियों, प्रखंड स्तरीय पदाधिकारियों, प्रखंड कल्याण पदाधिकारियों एवं संबंधित विकास मित्रों को योजना के विभिन्न प्रावधानों एवं क्रियान्वयन प्रक्रिया के संबंध में प्रशिक्षण प्रदान किया गया।
प्रशिक्षण कार्यशाला में उप विकास आयुक्त, बक्सर, अपर समाहर्ता, बक्सर तथा अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।
जिला जन सम्पर्क कार्यालय
बक्सर।
Information & Public Relations Department, Government of Bihar @top fans Buxar Administration CMO Bihar Welfare department #BuxarNews #buxarcity #buxarjila #bihar #buxar #topfollowers
Buxar, Bihar | Jul 8, 2026