आईएफएमआईएस केयर थीम के अंतर्गत जिला स्तरीय प्रशिक्षण कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न
===========================
संचालनालय कोष एवं लेखा, मध्यप्रदेश के निर्देशानुसार आईएफएमआईएस केयर थीम के अंतर्गत जिला स्तरीय दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन 12 एवं 13 नवंबर 2026 को ई-दक्ष केन्द्र, जिला पंचायत छिंदवाड़ा में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
प्रशिक्षण कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य जिले के आहरण एवं संवितरण अधिकारियों (डीडीओ) की कार्यक्षमता में वृद्धि करना, वित्तीय एवं कोषालय संबंधी नियमों की जानकारी प्रदान करना तथा आईएफएमआईएस प्रणाली के प्रभावी एवं त्रुटिरहित उपयोग हेतु अधिकारियों को प्रशिक्षित करना था।
दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम में विभिन्न विषय विशेषज्ञों द्वारा निर्धारित विषयों पर विस्तृत जानकारी एवं व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान किया गया। प्रशिक्षण के दौरान आहरण एवं संवितरण अधिकारी बनने संबंधी प्रावधानों, वित्तीय अधिकार शक्ति पुस्तिका, कोषालय संहिता एवं अन्य आवश्यक प्रक्रियाओं की जानकारी दी गई। साथ ही आहरण एवं संवितरण अधिकारियों के कर्तव्यों एवं उत्तरदायित्वों, देयक प्रस्तुतिकरण के समय डीडीओ स्तर पर की जाने वाली आवश्यक कार्यवाही तथा मध्यप्रदेश कोषालय संहिता एवं अन्य सुसंगत नियमों के संबंध में विस्तार से मार्गदर्शन दिया गया।
प्रशिक्षण में आईएफएमआईएस पोर्टल पर उपलब्ध डीडीओ की विभिन्न स्क्रीन एवं रिपोर्ट्स तथा उनके व्यावहारिक उपयोग की जानकारी भी प्रदान की गई। इसके अलावा डीडीओ स्तर पर वित्तीय कार्यों एवं देयक प्रस्तुतिकरण के दौरान बरती जाने वाली आवश्यक सावधानियों के संबंध में मार्गदर्शन दिया गया। आईएफएमआईएस केयर कैंप के अंतर्गत स्थानीय स्तर पर आईएफएमआईएस प्रणाली के संचालन में उत्पन्न होने वाली तकनीकी समस्याओं एवं उनके नियमानुसार समाधान की जानकारी भी दी गई।
प्रशिक्षण विभिन्न निर्धारित पालियों में आयोजित किया गया, जिसमें संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सहभागिता कर विषयवार जानकारी प्राप्त की। इस दौरान प्रतिभागियों की जिज्ञासाओं एवं आईएफएमआईएस प्रणाली के संचालन में आने वाली व्यावहारिक समस्याओं का भी समाधान किया गया।
इस प्रशिक्षण कार्यक्रम से आहरण एवं संवितरण अधिकारियों को वित्तीय नियमों, देयक प्रस्तुतिकरण की प्रक्रिया, अपने कर्तव्यों एवं उत्तरदायित्वों तथा आईएफएमआईएस प्रणाली के प्रभावी उपयोग के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त हुई।
कार्यक्रम के सफल आयोजन एवं संचालन में जिला कोषालय अधिकारी छिंदवाड़ा श्री रविशंकर राणा, एटीओ श्री उपेन्द्र कुमार भारती, एसएम श्री प्रशांत बर्वे, टीएसी श्री कृष्णराज सिंह ठाकुर, टीएसी श्री मंगलदीप बागड़े एवं टीएसी श्री सारंग नांदेकर का सराहनीय सहयोग रहा।
#procwa #छिन्दवाड़ा
#JansamparkMP
Jansampark Madhya Pradesh