चंबा में खाद्य सुरक्षा विभाग की बड़ी कार्रवाई, 2 क्विंटल खराब मिठाइयां मौके पर नष्ट
दीपावली से पहले खाद्य सुरक्षा विभाग की विशेष मुहिम, 25 से 30 वाहनों का किया निरीक्षण; मिठाइयों और खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता जांची
चंबा 07 नवंबर 2026
दीपावली के त्योहार को देखते हुए आम जनता को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा विभाग चंबा ने मिलावटखोरों और खराब खाद्य सामग्री की आपूर्ति करने वालों के खिलाफ निरीक्षण अभियान तेज कर दिया है।
इसी कड़ी में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने राष्ट्रीय राजमार्ग-154ए पर सरू और उदयपुर के समीप पंजाब सहित अन्य राज्यों से आने वाले खाद्य सामग्री से लदे वाहनों की जांच की। इस दौरान करीब 25 से 30 वाहनों और बसों को रोककर उनमें ले जाई जा रही मिठाइयों एवं अन्य खाद्य पदार्थों का बारीकी से निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान करीब 2 क्विंटल विभिन्न प्रकार की मिठाइयां ऐसी पाई गईं, जिनमें अतिरिक्त रंगों का इस्तेमाल किया गया था। कुछ मिठाइयां खराब, सड़ी-गली और कीड़ों से संक्रमित पाई गईं। इन्हें घटिया एवं खराब हालत वाले कंटेनरों में रखकर आम जनता को आपूर्ति के लिए ले जाया जा रहा था। खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने इन मिठाइयों को मौके पर ही नष्ट करवा दिया।
इसके अतिरिक्त त्योहारों के इस महीने में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पिछले कुछ दिनों के दौरान विभिन्न प्रकार की मिठाइयों के कुल 24 सैंपल भी एकत्रित किए गए हैं, जिन्हें जांच के लिए भेजा गया है।
वहीं, पिछले महीने संदेह के आधार पर एकत्र किए गए पनीर के दो सैंपल भी जांच में निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं पाए गए हैं। ये सैंपल एनालॉग पनीर (Analogue Paneer) होने के संदेह में लिए गए थे। इस मामले में संबंधित विक्रेताओं को आगामी कार्रवाई के लिए नोटिस जारी कर दिए गए हैं।
सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा चंबा दीपक आनंद ने बताया कि त्योहारों के दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और शुद्धता सुनिश्चित करने के लिए विभाग लगातार निरीक्षण अभियान चला रहा है। उन्होंने आम जनता से भी अपील की है कि मिठाइयां एवं अन्य खाद्य सामग्री खरीदते समय उनकी गुणवत्ता और स्वच्छता का विशेष ध्यान रखें।
बाइट :- सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा चंबा दीपक आनंद
Chamba, Chamba | Nov 7, 2026