भीलवाड़ा में 11 नवंबर से होगा भव्य श्रीमद्भागवत कथा ज्ञान यज्ञ महोत्सव, गोवंश रक्षा और सनातन धर्म की अखंडता का लिया जाएगा संकल्प
कथा व्यास महेंद कृष्ण शास्त्री जी करेंगे भागवत कथा का रसपान, 11 नवंबर को दादीधाम मंदिर से निकलेगी भव्य शोभायात्रा
भीलवाड़ा :राजकुमार गोयल गोभक्तों एवं वीरों की नगरी भीलवाड़ा में सनातन धर्म ध्वज की अखंडता एवं गोवंश की रक्षा के संकल्प के साथ भव्य श्रीमद्भागवत कथा ज्ञान यज्ञ महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। यह धार्मिक आयोजन 11 नवंबर से 17 नवंबर 2026 तक श्री हनुमान टेकरी काठिया बाबा आश्रम, छोटी हरणी, भीलवाड़ा में आयोजित होगा।
आयोजन में परम श्रद्धेय कथा व्यास महेंद कृष्ण शास्त्री जी अपनी सुमधुर वाणी से श्रद्धालुओं को श्रीमद्भागवत कथा का रसपान कराएंगे। कथा का आयोजन श्री श्री 108 परम पूज्य महंत श्री बनवारी शरण काठिया बाबा जी के पावन सान्निध्य में होगा।
11 नवंबर को निकलेगी भव्य शोभायात्रा
कथा महोत्सव का शुभारंभ 11 नवंबर को प्रातः 9:15 बजे भव्य शोभायात्रा के साथ होगा। शोभायात्रा दादीधाम मंदिर से प्रारंभ होकर हनुमान टेकरी तक पहुंचेगी। इसके पश्चात प्रतिदिन दोपहर 1 बजे से शाम 5 बजे तक कथा का आयोजन होगा।
इस कथा में हनुमान जी ही होंगे अध्यक्ष और उपाध्यक्ष
इस आयोजन की सबसे विशेष बात यह है कि कथा के लिए किसी प्रकार की कोई कमेटी गठित नहीं की गई है। आयोजकों के अनुसार इस धार्मिक आयोजन के अध्यक्ष भी स्वयं श्री हनुमान जी होंगे और उपाध्यक्ष भी श्री हनुमान जी ही रहेंगे। संपूर्ण आयोजन बजरंगबली के चरणों में समर्पित रहेगा।
आयोजकों ने समस्त धर्मप्रेमी बंधुओं, गोभक्तों एवं सनातन धर्मावलंबियों से अपील की है कि वे अपने परिवार और इष्ट-मित्रों सहित अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर इस परम पावन श्रीमद्भागवत कथा ज्ञान यज्ञ महोत्सव में भाग लें तथा धर्म लाभ प्राप्त कर आयोजन को सफल बनाएं।
स्थान: श्री हनुमान टेकरी काठिया बाबा आश्रम, छोटी हरणी, भीलवाड़ा।
दिनांक: 11 नवंबर से 17 नवंबर 2026।
शोभायात्रा: 11 नवंबर, प्रातः 9:15 बजे, दादीधाम मंदिर से हनुमान टेकरी तक।
कथा समय: प्रतिदिन दोपहर 1 बजे से शाम 5 बजे तक।
जय श्री राम। जय श्री हनुमान। 🙏