जिला प्रशासन पूर्वी चंपारण की एक महत्वपूर्ण पहल के तहत जिला के आंगनबाड़ी केंद्र आने वाले बच्चों के स्वास्थ्य परीक्षण को लेकर स्वास्थ्य जांच कैंप का आयोजन किया जा रहा है। इसकी शुरुआत कल्याणपुर और चकिया प्रखंड से की गई है।
जिला आईसीडीएस कार्यालय एवं विराट रामायण इंस्टिट्यूट ऑफ़ मेडिकल साइंसेज के द्वारा आंगनबाड़ी केंद्र पर कैंप लगाकर केंद्र के पोषक क्षेत्र के बच्चों का स्वास्थ्य जांच किया जा रहा है। मेडिकल कैंप में बच्चों की समग्र ग्रोथ यथा लंबाई, वजन, बीएमआई और विकास की निगरानी, पोषण संबंधी जांच, एनीमिया, नाक कान गले एवं त्वचा की जांच सहित अन्य आवश्यक स्वास्थ्य जांच की जा रही है एवं अभिभावकों को स्वास्थ्य एवं पोषण संबंधी जरूरी परामर्श दिए जा रहे हैं। इसी क्रम में आईसीडीएस के द्वारा गंभीर तीव्र कुपोषण (SAM)बच्चों से संबंधित डाटा विश्लेषण एवं प्रोजेक्ट कार्य किया जा रहा है। इस प्रोजेक्ट का मुख्य उद्देश्य आंगनबाड़ी केंद्र से जुड़े बच्चों विशेष कर पोषण संबंधित जोखिम वाले बच्चों की समय पर पहचान करना, स्वास्थ्य जांच करना, आवश्यक परामर्श एवं उनके लालन पालन से संबंधित मजबूत आधार प्रदान करना है।
पूर्वी चंपारण जिला के चकिया और कल्याणपुर प्रखंड अंतर्गत इस कार्यक्रम के तहत कुल 101 मेडिकल कैंप का आयोजन किया जा चुका है जिसमें चकिया में 30 एवं कल्याणपुर में 71 कैंप लगाए गए हैं।
इस पहल को श्री राजकृष्ण झा सहायक समाहर्ता, सुश्री नेहा कुमारी सीएम फेलो और श्री अभिषेक कुमार मार्केट प्रबंधक विराट रामायण इंस्टीट्यूट आफ मेडिकल साइंसेज के सहयोग से धरातल पर उतरा गया है।
Information & Public Relations Department, Government of Bihar Bihar Health Department