न्यायोत्सव विधिक सेवा सप्ताह 2026 के अंतर्गत तारा सदन स्कूल, अशोकनगर में विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन
--
मध्यप्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जबलपुर के निर्देशानुसार न्याय उत्सव – विधिक सेवा सप्ताह 2026 के उपलक्ष्य में मंगलवार को तारा सदन स्कूल अशोकनगर में विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण अशोकनगर श्री सतीश चंद्र शर्मा के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया। शिविर में जिला न्यायाधीश एवं सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण श्री अभिषेक नागराज, जिला विधिक सहायता अधिकारी श्री हेमंत कुशवाह तथा लीगल एड डिफेंस काउंसिल के अधिवक्ता श्री विष्णु नारायण विरथरे की उपस्थिति रही। कार्यक्रम में विद्यालय के प्राचार्य, शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में जिला न्यायाधीश एवं सचिव श्री अभिषेक नागराज द्वारा विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए शिक्षा का अधिकार अधिनियम, बाल अधिकार, लैंगिक अपराधों से बालकों का संरक्षण अधिनियम (POCSO Act), बाल श्रम से संबंधित कानूनों के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई। उन्होंने बताया कि प्रत्येक बच्चे को सुरक्षित वातावरण में शिक्षा प्राप्त करने, सम्मानपूर्वक जीवन जीने तथा शोषण एवं अपराधों से संरक्षण प्राप्त करने का अधिकार है। साथ ही विद्यार्थियों को किसी भी प्रकार के शोषण, उत्पीड़न अथवा अनुचित व्यवहार की स्थिति में चुप न रहकर अपने अभिभावकों एवं शिक्षकों को इसकी जानकारी देने के लिए प्रेरित किया। साइबर सुरक्षा के संबंध में विद्यार्थियों को ऑनलाइन धोखाधड़ी, फर्जी कॉल, अनजान लिंक, ओटीपी साझा करने से होने वाले नुकसान तथा सोशल मीडिया के सुरक्षित एवं जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग के संबंध में जागरूक किया गया। इसके अतिरिक्त यातायात नियमों, सड़क सुरक्षा, हेलमेट एवं सीट बेल्ट के उपयोग तथा वाहन चलाने के लिए वैध ड्राइविंग लाइसेंस एवं आवश्यक दस्तावेजों के महत्व के संबंध में भी जानकारी प्रदान की गई। विद्यार्थियों को उनके विधिक अधिकारों एवं कर्तव्यों के प्रति जागरूक करते हुए कानून का पालन करने तथा किसी भी समस्या की स्थिति में विधिक सहायता प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया गया। विद्यार्थियों को विभिन्न चर्चाओं एवं गतिविधियों में सक्रिय सहभागिता करने तथा अपने आसपास घटित होने वाली कानूनी समस्याओं के प्रति सजग रहने की समझाइश दी गई।
इस अवसर पर आगामी राष्ट्रीय लोक अदालत दिनांक 12 दिसंबर 2026 के संबंध में भी विद्यार्थियों को विस्तारपूर्वक जानकारी प्रदान की गई। उन्हें बताया गया कि राष्ट्रीय लोक अदालत विवादों का आपसी समझौते एवं सहमति के आधार पर त्वरित एवं सरल निराकरण करने का प्रभावी माध्यम है। इसके माध्यम से पक्षकारों को समय एवं धन की बचत के साथ शीघ्र न्याय प्राप्त करने में सहायता मिलती है। विद्यार्थियों को अपने परिवारजनों एवं आसपास के लोगों तक राष्ट्रीय लोक अदालत की जानकारी पहुंचाने के लिए भी प्रेरित किया गया।
#ashoknagar