बागपत में कॉलेज के अंदर मारपीट, दो गांवों के लोग भिड़े; 70 के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज
**बागपत।** रामलीला देखने के दौरान हुए विवाद ने बुधवार को तूल पकड़ लिया। अहमदशाहपुर पदड़ा गांव स्थित शास्त्री स्मारक इंटर कॉलेज में दो गांवों के पक्ष आमने-सामने आ गए। आरोप है कि कॉलेज में घुसकर छात्रों के साथ लाठी-डंडों से मारपीट की गई। घटना में दोनों पक्षों के चार लोग घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, तीन दिन पहले रामलीला के दौरान निबाली और अहमदशाहपुर पदड़ा गांव के युवकों के बीच विवाद हुआ था। उस समय ग्रामीणों ने समझौता कराकर मामला शांत करा दिया था। बुधवार को इसी विवाद को लेकर कॉलेज परिसर में फिर से मारपीट हो गई।
एक पक्ष का आरोप है कि परीक्षा देने पहुंचे 11वीं के छात्र विपुल के साथ मारपीट की गई। उसे बचाने आए 9वीं के छात्र मोहित को भी पीटा गया। वहीं, दूसरे पक्ष ने निबाली गांव के लोगों पर लाठी-डंडों और धारदार हथियारों से हमला करने का आरोप लगाया है।
घटना के बाद कॉलेज में अफरा-तफरी मच गई। शिक्षकों ने बीच-बचाव करते हुए पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थिति संभालने का प्रयास किया, लेकिन वहां हंगामा जारी रहा। एएसपी के सामने भी महिलाओं ने हंगामा किया।
पुलिस ने दोनों पक्षों के 20 नामजद और 50 अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
Baghpat Police
#बागपत #BaghpatNews #BaghpatBreaking #UttarPradeshNews #CrimeNews #BaghpatPolice
Baghpat, Bagpat | Oct 21, 2026