*पीएम आवास: छूटे हुए पात्र लोगों का नाम जोड़ने हेतु सूची बनाएं*
*भूमिहीन परिवारों से प्राप्त आवेदनों की शीघ्र जांच कर उन्हें वास भूमि उपलब्ध कराएं*
*सरकार की महत्वाकांक्षी परियोजनाओं के लिए मांग के अनुरूप शीघ्र भूमि चिन्हित करें अंचलाधिकारी*
-- जिलाधिकारी
जिला स्तरीय समन्वय समिति के बैठक की अध्यक्षता करते हुए जिलाधिकारी श्री सौरभ सुमन यादव के द्वारा जिला के सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी को निर्देश दिया गया कि प्रधानमंत्री आवास योजना अंतर्गत छूटे हुए पात्र लोगों का नाम जोड़ने हेतु अलग से सूची बनाई जाए एवं बनी हुई सूची से वैसे लोगों का नाम हटा दिया जाए जो इसके लिए पात्र नहीं हैं। डीएम ने कहा कि महादलित टोलों में प्रखंड विकास पदाधिकारी खुद भ्रमण कर पात्र लोगों को चिन्हित करें एवं उनका नाम सूची में शामिल कराएं। प्रखंड विकास पदाधिकारी खुद से भौतिक सत्यापन भी करें।
जिला के सभी अंचल अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि वैसे सभी परिवार जिनको वास भूमि नहीं है और जिनके द्वारा अंचलों में आवेदन दिए गए हैं उसका भौतिक सत्यापन करते हुए पात्र लाभुकों को सरकारी जमीन उपलब्ध कराई जाय।अगर कोई परिवार पहले से सरकारी जमीन में रह रहे हैं तो उनको वहीं सेटल करें। जिलाधिकारी ने कहा कि उपरोक्त दोनों कार्यों को पदाधिकारी गंभीरता से ले। इसमें किसी भी तरह की शिथिलता पाई जाने पर कार्रवाई तय है।
सहयोग शिविर में प्राप्त आवेदनों खासकर भूमि विवाद के मामलों का सत्यापन करते हुए अंचल अधिकारी मामलों के निष्पादन में तेजी लाएं। अन्य प्राप्त आवेदन जिसमें जांच जरूरी है,जांच शीघ्र पूरी करते हुए उसका निष्पादन करें।
जिला के सभी अनुमंडल पदाधिकारी को निर्देश दिया गया कि सप्ताह में बृहस्पतिवार को प्रखंड विकास पदाधिकारी और अंचलाधिकारी के साथ बैठक कर समीक्षा करें और इन सभी कार्यों में तेजी लाने हेतु खुद से मॉनिटरिंग करें।
सार्वजनिक वितरण प्रणाली की दुकानों का शत प्रतिशत जांच करने का निर्देश देते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि दुकानों की जांच के समय लाभार्थियों का बयान जरूर ले एवं उसके आधार पर इंस्पेक्शन रिपोर्ट बनाएं। कहीं कमी पाई जाती है तो पहले नोटिस दें और नोटिस का तामिला जरूर करा दें।
सभी अनुमंडल पदाधिकारी को पर्व त्यौहार के अवसर पर अपने अनुमंडल क्षेत्र अंतर्गत बड़े मिष्ठान भंडार/मिठाई की दुकानों की नियमित जांच करने का निर्देश दिया गया। रावण दहन जहां भी होना है उस पर विशेष ध्यान देने की बात कही गई एवं पूजा पंडाल के पास बड़ा झूला नहीं लगे इस संबंध में भी जरूरी निर्देश दिए गए।
जमाबंदी सुधार के लिए चलाए जा रहे अभियान के संबंध में जिलाधिकारी ने कहा कि सभी अंचल अधिकारी इसे गंभीरता से ले। यह फार्मर आईडी से जुड़ा हुआ है। समीक्षा में पाया गया कि चकिया अंचल में इस पर अच्छा काम हुआ है लेकिन पहाड़पुर अंचल में असंतोष जनक स्थिति पाए जाने पर अंचल अधिकारी को कड़ा निर्देश दिया गया।
जिला में चल रहे कायाकल्प अभियान की समीक्षा की गई एवं शिक्षा विभाग सहित अन्य विभागों को शीघ्र कार्य प्रारंभ करने का निर्देश दिया गया।
ज्ञातव्य है कि जिला में 15 प्रखंडों में नए डिग्री कॉलेज स्थापित कराए गए हैं। इन डिग्री कॉलेज के लिए नगर क्षेत्र में 2.5 एकड़ तथा ग्रामीण क्षेत्र 5.0एकड़ जमीन चिन्हित करने का निर्देश अंचल अधिकारियों को दिया गया था। अधिकांश अंचल अधिकारियों के द्वारा बताया गया की जमीन चिन्हित कर ली गई है। जिलाधिकारी के द्वारा एक सप्ताह के अंदर सभी से संबंधित अभिलेख जिला राजस्व कार्यालय को भेजने का निर्देश दिया गया।
बैठक में उपस्थित सभी विभागीय पदाधिकारी को अपने विभाग से संबंधित सभी लैंड रिकॉर्ड्स जिला बंदोबस्त पदाधिकारी के कार्यालय को भेज देने का निर्देश दिया गया। अंचल अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि सरकारी भूमि को चिन्हित करते हुए उसका रिकॉर्ड एंट्री कर दें एवं इस आशय का प्रमाण पत्र शीघ्र उपलब्ध करा दें कि उनके अंचल में अब कहीं भी सरकारी भूमि छूटी हुई नहीं है, सभी की इंट्री करा दी गई है।
बैठक में उपस्थित जिला परिवहन पदाधिकारी के द्वारा बताया गया की 10 लाख की आबादी पर एक ड्राइविंग सेंटर का निर्माण किया जाना है जिसके लिए दो एकड़ जमीन की आवश्यकता होगी। इस संबंध में यह भी बताया गया कि एक ड्राइविंग सेंटर लखौरा में बना हुआ है शेष पांच अनुमंडल के लिए इसकी जरूरत पड़ेगी। जिलाधिकारी के द्वारा से सभी पांचो अनुमंडल पदाधिकारी को इस संबंध में जरूरी निर्देश दिए गए।
जिला कल्याण पदाधिकारी के द्वारा बताया गया कि मधुबन और रक्सौल में आवासीय विद्यालय का निर्माण किया जाना है जिसके लिए तीन एकड़ जमीन की आवश्यकता है। मधुबन में जमीन चिन्हित हो गई है। जिलाधिकारी के द्वारा अंचल अधिकारी रक्सौल को इसके लिए जमीन चिन्हित करने का निर्देश दिया गया।
जिला मत्स्य पदाधिकारी के द्वारा बताया गया कि पिपराकोठी में प्रोसेसिंग प्लांट के लिए दो एकड़ जमीन की आवश्यकता है इस संबंध में जिलाधिकारी के द्वारा अंचल अधिकारी पिपरा कोठी को जरूरी निर्देश दिए गए।
उप विकास आयुक्त के द्वारा बताया गया कि जिला में कुल 112 ग्रामीण हाट का निर्माण किया जाना है जिसमें 30 जगह ग्रामीण हाट का निर्माण कराया गया है। शेष जगह जमीन चिन्हित करने के संबंध में अंचल अधिकारी को निर्देश दिया गया।
अनुमंडल पदाधिकारी सदर मोतिहारी को रोईन क्लब से मुख्य पथ एनएच तक एंक्रोचमेंट को हटाने का भी निर्देश दिया गया।
बैठक में जिलाधिकारी के साथ नगर आयुक्त, अपर समाहर्ता, उप विकास आयुक्त, एडीएम लोक शिकायत,एडीएम विभागीय जांच, अनुमंडल पदाधिकारी, डीसीएलआर सहित सभी विभागीय पदाधिकारी, कार्य विभागों के अभियंता, प्रखंड विकास पदाधिकारी एवं अंचल अधिकारी उपस्थित थे।
Information & Public Relations Department, Government of Bihar
2 views | East Champaran, Bihar | Oct 15, 2026