प्रेस विज्ञप्ति
जिला विधिक सेवा प्राधिकार, पूर्वी चंपारण, मोतिहारी
राष्ट्रीय लोक अदालत, विशेष एन.आई. एक्ट लोक अदालत एवं ‘सुरक्षित बचपन अभियान’ की सफलता को लेकर महत्वपूर्ण बैठक; एक ही दिन में पांच बैठकों का आयोजन
मोतिहारी, दिनांक 15 अक्टूबर 2026।
राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (NALSA), नई दिल्ली के दिशा-निर्देशों के आलोक में आगामी राष्ट्रीय लोक अदालत दिनांक 12 दिसंबर 2026 तथा विशेष एन.आई. एक्ट लोक अदालत दिनांक 21 नवंबर 2026 के सफल आयोजन को लेकर आज प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश-सह-अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकार, पूर्वी चंपारण, मोतिहारी श्री अभिषेक कुमार दास की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
बैठक में जिलाधिकारी-सह-उपाध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकार श्री सौरभ सुमन यादव, पुलिस अधीक्षक-सह-सदस्य श्री स्वर्ण प्रभात तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव श्री नितिन त्रिपाठी उपस्थित रहे। इसके अतिरिक्त जिला जनसंपर्क पदाधिकारी श्री ज्ञानेश्वर प्रकाश, जिला वन पदाधिकारी (DFO), श्रम अधीक्षक, सहायक जिला परिवहन पदाधिकारी (ADTO) तथा यातायात पुलिस उपाधीक्षक सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी भी उपस्थित रहे।
बैठक में राष्ट्रीय एवं विशेष एन.आई. एक्ट लोक अदालत को सफल बनाने, अधिकाधिक सुलहनीय मामलों की पहचान करने, संबंधित विभागों के बीच समन्वय स्थापित करने तथा आम जनता को लोक अदालत के लाभों के प्रति जागरूक करने पर विस्तृत चर्चा की गई। संबंधित विभागों को मामलों के चिह्नितीकरण, पक्षकारों को समय पर सूचना उपलब्ध कराने तथा अधिकतम मामलों का आपसी सहमति से निष्पादन सुनिश्चित करने हेतु आवश्यक कार्रवाई करने पर बल दिया गया। जिला जनसंपर्क पदाधिकारी को लोक अदालत के व्यापक प्रचार-प्रसार में सक्रिय भूमिका निभाने पर भी जोर दिया गया।
‘सुरक्षित बचपन अभियान’ के प्रभावी क्रियान्वयन पर विशेष चर्चा
बैठक के दौरान राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा संचालित अखिल भारतीय जागरूकता अभियान ‘सुरक्षित बचपन अभियान’ के प्रभावी क्रियान्वयन पर विशेष चर्चा की गई। इस अभियान का उद्देश्य बच्चों को उनके अधिकारों, सुरक्षा तथा यौन अपराधों से बालकों का संरक्षण अधिनियम (POCSO Act) के प्रावधानों के प्रति जागरूक करना है।
जिले के सभी विद्यालयों के विद्यार्थियों तक कानूनी जागरूकता पहुंचाने के लिए सूक्ष्म स्तर पर कार्ययोजना तैयार करने पर विचार-विमर्श किया गया। विद्यालयवार जागरूकता कार्यक्रमों के आयोजन, विद्यार्थियों को सरल भाषा में POCSO अधिनियम की जानकारी देने तथा संबंधित विभागों के बीच समन्वय स्थापित कर अभियान को धरातल पर प्रभावी बनाने पर बल दिया गया। अभियान का उद्देश्य प्रत्येक विद्यार्थी को अपने अधिकारों, बाल सुरक्षा तथा किसी भी प्रकार के शोषण या दुर्व्यवहार की स्थिति में सहायता प्राप्त करने के तरीकों से परिचित कराना है।
पीड़ित क्षतिपूर्ति बोर्ड एवं विचाराधीन बंदियों की समीक्षा समिति की बैठक
प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश के कक्ष में पीड़ित क्षतिपूर्ति बोर्ड की महत्वपूर्ण बैठक भी आयोजित की गई, जिसमें पीड़ितों को नियमानुसार क्षतिपूर्ति उपलब्ध कराने से संबंधित विषयों पर विचार-विमर्श किया गया।
इसके अतिरिक्त विचाराधीन बंदियों की समीक्षा समिति (Undertrial Review Committee) की बैठक आयोजित कर विचाराधीन बंदियों से संबंधित मामलों की समीक्षा की गई तथा लागू दिशा-निर्देशों के अनुरूप आवश्यक कार्रवाई पर चर्चा की गई, ताकि पात्र बंदियों के मामलों में नियमानुसार उचित कदम उठाए जा सकें।
एक ही दिन में पांच महत्वपूर्ण बैठकों के माध्यम से समन्वित प्रयास
जिला विधिक सेवा प्राधिकार, पूर्वी चंपारण, मोतिहारी के सचिव श्री नितिन त्रिपाठी द्वारा संबंधित पदाधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित करते हुए एक ही दिन में लगातार पांच महत्वपूर्ण बैठकों की कार्यवाही को आगे बढ़ाया गया। इन बैठकों का मुख्य उद्देश्य राष्ट्रीय लोक अदालत, विशेष एन.आई. एक्ट लोक अदालत, सुरक्षित बचपन अभियान, पीड़ित क्षतिपूर्ति बोर्ड तथा विचाराधीन बंदियों की समीक्षा समिति से संबंधित कार्यों का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करना रहा।
सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकार श्री नितिन त्रिपाठी ने सभी संबंधित पदाधिकारियों से आपसी समन्वय, समयबद्ध कार्रवाई तथा निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप कार्य करने पर बल दिया, ताकि जिले में विधिक सेवा गतिविधियों को और अधिक प्रभावी बनाया जा सके तथा आम नागरिकों, बच्चों और जरूरतमंद व्यक्तियों को न्याय एवं विधिक सहायता का लाभ प्राप्त हो सके।
जिला विधिक सेवा प्राधिकार, पूर्वी चंपारण, मोतिहारी द्वारा इन सभी कार्यक्रमों की सफलता सुनिश्चित करने हेतु संबंधित विभागों के साथ समन्वित प्रयास जारी रखे जाएंगे।
Information & Public Relations Department, Government of Bihar
4 views | East Champaran, Bihar | Oct 15, 2026