कलेक्टर एवं जिला पंचायत उपाध्यक्ष ने किया आजीविका भवन में प्रदर्शनी सह बिक्री मेले का निरीक्षण
-------
स्थानीय महिला स्व-सहायता समूहों के उत्पादों को बढ़ावा देने और वोकल फॉर लोकल को सशक्त बनाने की अपील
बड़वानी 25 अगस्त 2026/आगामी रक्षाबंधन एवं त्योहारों के मद्देनजर बड़वानी स्थित आजीविका भवन में जिला प्रशासन एवं मध्य प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन जिला पंचायत, बड़वानी के तत्वावधान में विशेष प्रदर्शनी एवं बिक्री मेले का आयोजन किया जा रहा है।
आज कलेक्टर श्रीमती जयति सिंह एवं जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्रीमती सुमन वर्मा ने मेले का निरीक्षण कर स्व-सहायता समूहों की दीदियों द्वारा तैयार हस्तनिर्मित सामग्रियों का अवलोकन किया और उनके उत्कृष्ट हुनर की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया।
मेले के मुख्य आकर्षण एवं उपलब्ध सामग्रियां
1.हस्तनिर्मित राखियांः- रंग-बिरंगी, पारंपरिक एवं आकर्षक हस्तनिर्मित राखियों की विस्तृत श्रृंखला।
2.पारंपरिक साड़ियां एवं वस्त्रः- महेश्वरी, चंदेरी, और प्रसिद्ध बाघ प्रिंट साड़ियां, सूट एवं ड्रेस मटेरियल।
3.फैब्रिक उत्पादः- जूट बैग, पर्स और फैब्रिक से बने अन्य दैनिक उपयोगी उत्पाद।
4.गृह उपयोगी व पूजन सामग्रीः- सुंदर हस्तशिल्प, गृह उपयोगी वस्तुएं, पूजन एवं उपहार सामग्री।
5.बेस्ट आउट ऑफ वेस्ट तहत निर्मित विभिन्न उत्पाद
निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्वयं सहायता समूह की दीदियों के उत्कृष्ट हुनर व प्रयासों की भरपूर सराहना कर उनका उत्साहवर्धन किया।
जिला प्रशासन ने सभी जिलेवासियों से अपील की है कि आगामी त्योहारों के अवसर पर अपने अपनों के लिए स्थानीय महिला समूहों द्वारा निर्मित स्वदेशी राखियों एवं अन्य सामग्रियों की अधिक से अधिक खरीदारी करें। स्थानीय उत्पादों को अपनाकर वोकल फॉर लोकल को सशक्त बनाने के प्रयासों में अपना सहयोग दें।