⛔ मधेपुरा नगर परिषद में सेवा पखवाड़ा के तहत दीप प्रज्वलन और रंगोली कार्यक्रम, 2 अक्टूबर तक चलेगा स्वच्छता अभियान
स्वच्छता ही सेवा 2026 अभियान के तहत मधेपुरा नगर परिषद परिसर में भव्य दीप प्रज्वलन और रंगोली कार्यक्रम का आयोजन किया गया।कार्यक्रम का नेतृत्व नगर परिषद अध्यक्ष कविता कुमारी साहा और कार्यपालक पदाधिकारी तान्या कुमारी व नगर प्रबंधक निधि सिंह ने किया।
इस दौरान नगर परिषद की महिला कर्मियों और जनप्रतिनिधियों ने भाग लेकर स्वच्छता का संदेश दिया। नगर परिषद परिसर को रंग-बिरंगी रंगोली और हजारों दीपों से सजाया गया था। बताया कि स्वच्छता को लेकर चलाया जा रहा यह विशेष अभियान 2 अक्टूबर गांधी जयंती तक चलाया जाएगा।
मौके पर कविता कुमारी साहा ने कहा कि स्वच्छता ही सेवा कार्यक्रम के तहत आज नगर परिषद में दीप प्रज्वलित किए गए हैं। इसका मुख्य उद्देश्य है कि हम अपने नगरवासियों को साफ-सफाई के प्रति जागरूक कर सकें, जिससे हमारा शहर सुंदर, साफ और स्वच्छ लगे और हमारा शहर बीमारियों से बच सके।
वहीं कार्यपालक पदाधिकारी तान्या कुमारी ने कहा कि सेवा पखवाड़ा के तहत आज स्वच्छता दीप प्रज्वलन और रंगोली कार्यक्रम का आयोजन किया गया है। यह अभियान 2 अक्टूबर तक चलेगा। हम नगर के सभी वासियों से अपील करते हैं कि शहर को साफ, सुंदर और स्वच्छ बनाए रखने में नगर परिषद का सहयोग करें और अपने आस-पास भी साफ-सुथरा रखें।
मौके पर रविंद्र यादव, अमोल साह, कई वार्ड पार्षद, नगर परिषद कर्मी आदि मौजूद रहे।
📹 Murari Singh मधेपुरा टाइम्स Madhepura Times