🔴 कोसी ईंट-भट्ठा उद्योग की समस्याओं को लेकर मंत्री को सौंपा मांग पत्र
सहरसा। कोसी ईंट-भट्ठा उद्योग की ओर से शहर के एक निजी होटल में बिहार सरकार के खनन एवं भूतत्व विभाग सह कला एवं संस्कृति विभाग के मंत्री डॉ. प्रमोद कुमार चंद्रवंशी के स्वागत एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में कोसी क्षेत्र के ईंट-भट्ठा उद्योग से जुड़े बड़ी संख्या में व्यवसायियों ने शामिल होकर मंत्री का स्वागत एवं सम्मान किया।
समारोह के बाद कोसी ईंट निर्माता संघ (सहरसा, सुपौल एवं मधेपुरा) की ओर से ईंट-भट्ठा उद्योग से जुड़ी विभिन्न समस्याओं और मांगों को लेकर मंत्री को मांग पत्र सौंपा गया। संघ ने उद्योग को सुचारू रूप से संचालित करने तथा इससे जुड़े व्यवसायियों और श्रमिकों के हित में आवश्यक पहल करने की मांग की।
मांग पत्र में माइनिंग टैक्स पर लगे दंड की माफी करते हुए वन टाइम सेटलमेंट के तहत बकाया राशि जमा करने की सुविधा देने की मांग की गई। साथ ही मिट्टी मिश्रित बालू के उठाव से संबंधित प्रक्रिया को समाप्त करने की मांग भी रखी गई।
संघ ने ईंट-भट्ठों के लिए पर्यावरण स्वीकृति (EC) की प्रक्रिया समाप्त करने, श्रम संबंधी नियमों को स्पष्ट एवं पारदर्शी बनाने तथा भट्ठा संचालकों के अनुचित उत्पीड़न पर रोक लगाने की मांग की। इसके अलावा कोयला उठाव के लिए जमा राशि की शीघ्र वापसी और बिहार में उचित दर पर कोयला उपलब्ध कराने के लिए असम, पश्चिम बंगाल एवं झारखंड सरकार से आवश्यक समन्वय स्थापित करने की मांग की गई।
ज्ञापन में सरकारी निर्माण कार्यों में लाल ईंट के उपयोग पर लगे प्रतिबंध को समाप्त करने तथा बढ़ती उत्पादन लागत को देखते हुए लाल ईंट की सरकारी दरों (Schedule of Rates) में उचित वृद्धि करने की मांग भी शामिल थी।
संघ के पदाधिकारियों ने कहा कि कोयला, मजदूरी और मिट्टी की बढ़ती लागत के कारण ईंट-भट्ठा उद्योग आर्थिक दबाव का सामना कर रहा है। सरकार द्वारा इन मांगों पर सकारात्मक पहल किए जाने से उद्योग से जुड़े व्यवसायियों के साथ-साथ बड़ी संख्या में कामगारों को भी राहत मिलेगी।
मौके पर बिहार प्रदेश जिलाध्यक्ष मुरारी कुमार मन्नू, प्रदेश सचिव ई. प्रभात चंद्र गुप्ता, कोसी अध्यक्ष बलराम सिंह, मधेपुरा जिला अध्यक्ष ध्रुवेंद्र कुमार, कोसी कोषाध्यक्ष मनीष कुमार, पंकज कुमार, संतोष सिंह, देव कृष्ण कुमार, मनोज कुमार सहित ईंट उद्योग से जुड़े दर्जनों व्यवसायी मौजूद थे।
📹 Murari Singh मधेपुरा टाइम्स Madhepura Times
Ghailarh, Madhepura | Aug 21, 2026