*माननीय मुख्यमंत्री, बिहार ने किया अनीमिया मुक्त बिहार अभियान का शुभारम्भ, जिलाधिकारी श्री कुमार गौरव की उपस्थित में मुजफ्फरपुर जिले में भी शुरू हुआ अभियान*
*==================*
*छह माह से 19 वर्ष तक के बच्चों-किशोरों की होगी हीमोग्लोबिन जांच*
*==================*
*30 नवंबर तक चलेगा अभियान, कम हीमोग्लोबिन वाले लोगों को दी जाएगी आयरन की दवा*
*==================*
25 अगस्त 2026 को माननीय मुख्यमंत्री, बिहार सरकार द्वारा अपराह्न 3 बजे संवाद कक्ष से अनीमिया मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत अनीमिया मुक्त बिहार अभियान का शुभारम्भ किया गया। इसके साथ ही मुजफ्फरपुर जिले में भी सदर अस्पताल, अनुमंडलीय अस्पताल, सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र, अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र एवं आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में अभियान की शुरुआत की गई।
अभियान के तहत छह माह से लेकर 19 वर्ष तक के बालक एवं बालिकाओं के हीमोग्लोबिन स्तर की जांच की गई। इसके अतिरिक्त गर्भवती एवं धात्री महिलाओं के हीमोग्लोबिन की भी जांच की गई। यह अभियान 25 अगस्त 2026 से प्रारम्भ होकर 30 नवंबर 2026 तक संचालित किया जाएगा।
जांच के दौरान जिन बच्चों, किशोर-किशोरियों एवं महिलाओं में हीमोग्लोबिन का स्तर निर्धारित मानक से कम पाया जाएगा, उन्हें आवश्यकतानुसार आयरन सिरप तथा आईएफए की गुलाबी, नीली एवं लाल गोलियां उपलब्ध कराई जाएंगी। अभियान के माध्यम से अनीमिया की पहचान कर समय पर उपचार एवं दवा उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया जा रहा है।
अनीमिया से प्रभावित बच्चों, युवाओं एवं महिलाओं में निचले पलक के अंदरूनी हिस्से की लालिमा में कमी, त्वचा एवं हथेली का पीलापन या लालिमा में कमी, नाखूनों में बदलाव, जीभ में सूजन, जल्दी थकान, सांस फूलना, पढ़ाई एवं खेलकूद में मन नहीं लगना, सुस्ती एवं अधिक नींद आना, बार-बार बीमार पड़ना तथा भूख नहीं लगना जैसे लक्षण दिखाई दे सकते हैं।
अभियान का मुख्य उद्देश्य लोगों में अनीमिया की स्थिति की यथाशीघ्र पहचान कर समय पर उपचार एवं आवश्यक दवा उपलब्ध कराना है, ताकि बच्चों, किशोर-किशोरियों, गर्भवती एवं धात्री महिलाओं को अनीमिया से बचाया जा सके तथा उनके स्वास्थ्य में सुधार सुनिश्चित किया जा सके।
इस मौके पर सिविल सर्जन, डीपीएम स्वास्थ्य सहित अन्य चिकित्सक एवं स्वास्थ्य कर्मी मौजूद रहे।
Information & Public Relations Department, Government of Bihar
State Health Society, Bihar
Bihar Health Department