#Balrampur ! तालाब में गिरा जंगली जानवर, वन विभाग ने कड़ी मशक्कत के बाद किया रेस्क्यू...
#बलरामपुर। बारहवां रेंज के ग्राम बरगदही में सोमवार दोपहर एक जंगली जानवर के तालाब में गिरने से ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची वन विभाग और पुलिस की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद उसे सुरक्षित बाहर निकाला। हालांकि, जानवर की पहचान तेंदुए या फिशिंग कैट के रूप में नहीं हो सकी है।
जानकारी के अनुसार, सोमवार दोपहर करीब 12:30 बजे गांव निवासी राजन सिंह के तालाब में जंगली जानवर गिर गया। तालाब नौखान के उस पार होने के कारण वन विभाग और पुलिस की टीम को नाव के सहारे मौके तक पहुंचना पड़ा। जानवर को देखने के लिए ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। टीम ने सावधानीपूर्वक रेस्क्यू अभियान चलाकर उसे तालाब से बाहर निकाला और अपने साथ जंगल ले गई। इसके बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली।
आबादी के आसपास जंगली जानवर की मौजूदगी से चिंता
क्षेत्र में जंगली जानवर की मौजूदगी को लेकर ग्रामीणों में चिंता बनी हुई है। लोगों ने वन विभाग से क्षेत्र में निगरानी बढ़ाने की मांग की है। वहीं, वन विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि जंगली जानवर दिखाई देने पर उसके करीब न जाएं और न ही उसे घेरने या छेड़ने का प्रयास करें। ऐसी स्थिति में तत्काल वन विभाग को सूचना दें।
रेंजर बृजेश सिंह परमार ने बताया कि रेस्क्यू किए गए जानवर की पहचान अभी स्पष्ट नहीं है। यह तेंदुआ है या फिशिंग कैट, इसकी पुष्टि नहीं हो पाई है।
#balrampur