दशहरा और प्रतिमा विसर्जन को लेकर अलर्ट मोड में प्रशासन, डीएम-एसपी ने किया मथुरा घाट का औचक निरीक्षण।
लालिया और पचपेड़वा में विसर्जन स्थलों का निरीक्षण, सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश; अफवाहों से दूर रहने और शांति-सौहार्द के साथ पर्व मनाने की अपील।
बलरामपुर। शारदीय नवरात्रि के उपरांत प्रतिमा विसर्जन और दशहरा पर्व को शांतिपूर्ण एवं सकुशल संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस महकमा अलर्ट मोड में है। सोमवार को जिलाधिकारी डॉ. विपिन कुमार जैन और पुलिस अधीक्षक मार्तण्ड प्रकाश सिंह ने थाना लालिया एवं पचपेड़वा क्षेत्र के विसर्जन स्थलों का स्थलीय निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। अधिकारियों ने संबंधित विभागों को साफ-सफाई, मजबूत बैरिकेडिंग, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था और पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने श्रद्धालुओं के सुरक्षित आवागमन, भीड़ नियंत्रण और यातायात व्यवस्था की समीक्षा की। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि विसर्जन स्थलों पर सभी तैयारियां समय से पूरी कर ली जाएं, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो। संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी रखने और विसर्जन जुलूसों के व्यवस्थित संचालन पर भी जोर दिया गया।
पचपेड़वा में पैदल मार्च कर सुरक्षा का दिलाया भरोसा
विसर्जन स्थलों के निरीक्षण के बाद डीएम और एसपी ने पुलिस बल के साथ कस्बा पचपेड़वा में पैदल मार्च किया। इस दौरान आमजन को सुरक्षा का भरोसा दिलाते हुए पर्व को आपसी भाईचारे, शांति और सौहार्द के साथ मनाने की अपील की गई।
जिलाधिकारी ने कहा कि त्योहारों के दौरान शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी नागरिक परंपरागत उत्साह के साथ पर्व मनाएं और प्रशासन का सहयोग करें।
वहीं, पुलिस अधीक्षक ने लोगों से अपील की कि किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें और शांति व्यवस्था प्रभावित करने वाली गतिविधियों की सूचना तत्काल पुलिस को दें। उन्होंने पुलिस अधिकारियों को विसर्जन मार्गों एवं संवेदनशील स्थानों पर सतर्कता बनाए रखने के निर्देश दिए।
प्रशासन ने स्पष्ट किया कि प्रतिमा विसर्जन और दशहरा पर्व के दौरान सुरक्षा, भीड़ प्रबंधन एवं यातायात व्यवस्था को लेकर संबंधित विभाग आपसी समन्वय से कार्य करेंगे, ताकि सभी धार्मिक आयोजन शांतिपूर्ण और सुरक्षित वातावरण में संपन्न हो सकें।
#बलरामपुर #UPNews #BalrampurNews #जिलाधिकारी #डॉविपिनकुमारजैन #SPBalrampur #मार्तण्डप्रकाशसिंह #पुलिसप्रशासन #जिलाप्रशासन #ललिया #पचपेड़वा #दशहरा #विजयादशमी #प्रतिमाविसर्जन #दुर्गापूजा #नवरात्रि #कानूनव्यवस्था #सुरक्षाव्यवस्था #शांतिऔरसौहार्द #यूपीपुलिस #उत्तरप्रदेशसमाचार #ताजाखबर #ब्रेकिंगन्यूज