#Balrampur ! नवरात्रि पर #गैड़ास_बुजुर्ग में पुलिस का फ्लैग मार्च, ड्रोन से निगरानी...
#बलरामपुर। शारदीय नवरात्रि एवं दुर्गा पूजा को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए सोमवार को थाना गैड़ास बुजुर्ग क्षेत्र में भारी पुलिस बल ने मोटरसाइकिल गश्त कर फ्लैग मार्च किया। इस दौरान संवेदनशील स्थानों पर ड्रोन कैमरे से निगरानी की गई और अराजक तत्वों को सख्त चेतावनी दी गई।
पुलिस अधीक्षक मार्तण्ड प्रकाश सिंह के निर्देशन में अपर पुलिस अधीक्षक विशाल पाण्डेय व क्षेत्राधिकारी उतरौला डॉ. जितेन्द्र कुमार के पर्यवेक्षण तथा थाना प्रभारी हरीश सिंह के नेतृत्व में फ्लैग मार्च निकाला गया। यह थाना परिसर से शुरू होकर सहियापुर, चेतियावा बाजार, सोरहिया कांटा, धुसवा बाजार, इटईरामपुर, चिरकुटिया बाजार और हाशिमपारा सहित प्रमुख चौराहों व संवेदनशील क्षेत्रों से गुजरते हुए वापस थाने पहुंचकर समाप्त हुआ।
इस दौरान पुलिसकर्मियों ने व्यापारियों और आमजन से संवाद कर उनकी समस्याएं व सुझाव लिए। साथ ही लोगों से त्योहार आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ मनाने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की गई।
पुलिस के अनुसार, त्योहार के दौरान मेला स्थलों, दुर्गा पूजा पंडालों और जुलूस मार्गों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। सीसीटीवी, ड्रोन कैमरों और सादे वस्त्रों में पुलिसकर्मियों की तैनाती के साथ सोशल मीडिया पर भ्रामक अफवाहें व भड़काऊ टिप्पणियां करने वालों पर भी नजर रखी जाएगी। पुलिस ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और किसी भी आपात स्थिति में हेल्पलाइन नंबर 112 पर सूचना देने की अपील की है। फ्लैग मार्च में महिला पुलिसकर्मियों सहित पर्याप्त पुलिस बल मौजूद रहा।
#balrampurpolice