#Balrampur ! दुर्गा विसर्जन को लेकर डीएम-एसपी ने परखी सुरक्षा व्यवस्था, दिए सख्त निर्देश...
पुरैनिया तालाब घाट का किया निरीक्षण, गोताखोरों की तैनाती से लेकर यातायात प्रबंधन तक की तैयारियां दुरुस्त रखने के निर्देश...
#बलरामपुर। आगामी दुर्गा प्रतिमा विसर्जन को शांतिपूर्ण और सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के लिए सोमवार को जिलाधिकारी डॉ. विपिन कुमार जैन और पुलिस अधीक्षक मार्तण्ड प्रकाश सिंह ने पचपेड़वा कस्बे के पुरैनिया तालाब स्थित विसर्जन स्थल का निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था, बचाव संसाधनों और यातायात प्रबंधन की तैयारियों का जायजा लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान विसर्जन घाट और मार्गों पर पर्याप्त पुलिस बल व महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती, सादे कपड़ों में निगरानी, गोताखोरों और नावों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही भीड़ नियंत्रण के लिए बैरिकेडिंग, रूट डायवर्जन, प्रकाश व्यवस्था, लाउडस्पीकर और साफ-सफाई के पुख्ता इंतजाम करने को कहा गया। अधिकारियों ने लाइफ जैकेट, रस्सियों और अन्य बचाव उपकरणों की पर्याप्त उपलब्धता पर भी जोर दिया, ताकि आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई की जा सके।
विसर्जन के दौरान तालाब की ओर जाने वाले मार्गों पर प्रभावी यातायात योजना लागू करने, भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित करने और जुलूसों के सुचारु संचालन के लिए रूट चार्ट तैयार करने के निर्देश दिए गए। एसपी ने पुलिसकर्मियों को सतर्कता के साथ ड्यूटी करने, असामाजिक तत्वों पर नजर रखने तथा आयोजकों और श्रद्धालुओं से समन्वय बनाए रखने को कहा। किसी भी अप्रिय घटना की सूचना तत्काल उच्चाधिकारियों को देने के निर्देश भी दिए गए।
प्रशासन ने स्पष्ट किया कि प्रतिमा विसर्जन के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और शांति व्यवस्था सर्वोच्च प्राथमिकता है। निरीक्षण के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक विशाल पाण्डेय, उपजिलाधिकारी तुलसीपुर हेमन्त कुमार गुप्ता, क्षेत्राधिकारी तुलसीपुर अभय प्रताप मल्ल, पचपेड़वा के प्रभारी निरीक्षक राज कुमार सिंह सहित अन्य अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।