#Balrampur ! डीएम-एसपी ने परखी विसर्जन की तैयारियां, सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम के निर्देश...
#बलरामपुर। दुर्गा प्रतिमा विसर्जन को सकुशल संपन्न कराने के लिए जिलाधिकारी डॉ. विपिन कुमार जैन और पुलिस अधीक्षक मार्तण्ड प्रकाश सिंह ने सोमवार को ललिया क्षेत्र के पुरानी राप्ती नदी स्थित मथुरा घाट का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने विसर्जन स्थल की तैयारियों और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान घाट व विसर्जन मार्ग पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, गोताखोरों, नावों और बचाव उपकरणों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। भीड़ नियंत्रण के लिए बैरिकेडिंग, सुगम यातायात के लिए रूट डायवर्जन तथा घाट पर प्रकाश, साफ-सफाई और लाउडस्पीकर की व्यवस्था दुरुस्त रखने को कहा गया। साथ ही लाइफ जैकेट, रस्सियों और प्रशिक्षित बचाव कर्मियों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।
अधिकारियों ने पुरैनिया तालाब की ओर जाने वाले मार्गों पर प्रभावी यातायात योजना लागू करने, भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित करने और विसर्जन जुलूसों के सुचारु संचालन के लिए रूट चार्ट तैयार करने के निर्देश दिए। एसपी ने पुलिसकर्मियों को सतर्कता के साथ ड्यूटी करने, असामाजिक तत्वों पर नजर रखने तथा आयोजकों और श्रद्धालुओं से समन्वय बनाए रखने को कहा। किसी भी अप्रिय घटना की सूचना तत्काल उच्चाधिकारियों को देने के निर्देश भी दिए गए।
निरीक्षण के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक विशाल पाण्डेय, क्षेत्राधिकारी ललिया देवेन्द्र कुमार श्रीवास्तव, प्रभारी निरीक्षक ललिया मृत्युन्जय सिंह सहित अन्य अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।
#dmbalrampur #spbalrampur