Bihar news : बेतिया के गौनाहा में महिला का संदिग्ध हालत में शव बरामद, परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप
गौनाहा। गौनाहा थाना क्षेत्र के पकड़ी कला और शेरपुर गांव के बीच सरेह में गुरुवार को एक महिला का संदिग्ध परिस्थितियों में शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शव मिलने की सूचना पर आसपास के ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जुट गई। सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
मृतका की पहचान पकड़ी कला गांव निवासी जमदार मांझी की पत्नी रजनी देवी के रूप में हुई है। शव मिलने की जानकारी पर परिजन भी घटनास्थल पर पहुंचे। परिजनों ने महिला की मौत पर हत्या की आशंका जताते हुए मामले की जांच कराने की मांग की है। हालांकि, अभी तक मौत के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है।
घटना की गंभीरता को देखते हुए एसडीपीओ जयप्रकाश सिंह और गौनाहा थाना की एसआई मधु कुमारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचीं। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ आसपास के लोगों से जानकारी ली। इसके बाद एफएसएल की टीम को बुलाया गया। टीम ने वैज्ञानिक तरीके से जांच कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार पोस्टमार्टम रिपोर्ट और एफएसएल जांच के बाद ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
एसडीपीओ जयप्रकाश सिंह ने बताया कि पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। एफएसएल जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का पता चलेगा। उन्होंने बताया कि अभी मृतका के परिजनों की ओर से कोई लिखित शिकायत नहीं दी गई है। शिकायत मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
--- ऐसी स्थानीय और ताजा खबरों के लिए हमारे पेज को Follow करें और खबर को अधिक से अधिक लोगों तक Share करें।
#Bettiah #Gaunaha #WestChamparan #BiharNews #CrimeNews #BreakingNews #LatestNews #PoliceInvestigation #FSL #BiharNews