चनपटिया में 500 युवाओं ने लिया स्वच्छता का संकल्प, वृंदावन आश्रम से निकली रैली
बेतिया। माय भारत, पश्चिम चंपारण के तत्वावधान में गुरुवार को चनपटिया स्थित ऐतिहासिक वृंदावन आश्रम से स्वच्छता रैली निकाली गई। रैली में 500 से अधिक युवाओं एवं प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। अभियान का उद्देश्य युवाओं और विद्यार्थियों में स्वच्छता, स्वच्छ पर्यावरण तथा सामाजिक जिम्मेदारी के प्रति जागरूकता बढ़ाना था।
रैली में प्रजापति हाई स्कूल, वृंदावन बालक स्कूल और वृंदावन बुनियादी कन्या स्कूल के विद्यार्थियों व शिक्षकों ने सक्रिय सहभागिता की। जिला युवा अधिकारी शशांक मित्तल के नेतृत्व में युवाओं ने स्वच्छता का संदेश जन-जन तक पहुंचाने और आसपास का वातावरण स्वच्छ रखने का संकल्प लिया।
ऐतिहासिक वृंदावन आश्रम चंपारण की गांधीवादी विरासत से जुड़ा महत्वपूर्ण केंद्र है। यहां गांधी सेवा संघ का अखिल भारतीय सम्मेलन आयोजित हुआ था, जिसमें महात्मा गांधी और डॉ. राजेंद्र प्रसाद ने भाग लिया था। इसी ऐतिहासिक भूमि से स्वच्छता का संदेश देना गांधीवादी जनसेवा और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना को आगे बढ़ाने वाला कदम माना गया।