गांव गारनपुरा कलां में पौधारोपण कर दिया हरियाली का संदेश
पर्यावरण संरक्षण से ही सुरक्षित होगा मानव जीवन : सरपंच प्रतिनिधि महेंद्र सिंह
भिवानी, 29 अगस्त : पर्यावरण संरक्षण और धरती को हरा-भरा बनाने के संकल्प के साथ गांव गारनपुरा कलां स्थित राजकीय उच्च विद्यालय प्रांगण में पौधारोपण अभियान का आयोजन किया गया। यह सराहनीय पहल पर्यावरणविद् त्रिवेणी बाबा के सान्निध्य तथा पर्यावरण प्रहरी हवलदार लोकराम नेहरा के नेतृत्व में संपन्न हुई। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिसर में फलदार व छायादार पौधे रोपकर ग्रामीणों और विद्यार्थियों को प्रकृति संवर्धन का संदेश दिया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित सरपंच प्रतिनिधि महेंद्र सिंह और विद्यालय के शिक्षक मा. संतलाल सहित गांव के गणमान्य लोगों ने पौधे लगाकर पर्यावरण संतुलन बनाए रखने की शपथ ली। सरपंच प्रतिनिधि महेंद्र सिंह व मा. संतलाल ने कहा कि आज जिस तेजी से वैश्विक तापमान बढ़ रहा है और मौसम में बदलाव हो रहे हैं, ऐसे में पौधारोपण केवल एक औपचारिकता न होकर हमारी नैतिक जिम्मेदारी बन चुका है। हमें न केवल नए पौधे लगाने हैं, बल्कि एक अभिभावक की तरह उनकी देखभाल करके उन्हें पेड़ भी बनाना है। विद्यालय प्रांगण में लगाए गए ये पौधे आने वाली पीढिय़ों को शुद्ध हवा और बेहतर वातावरण प्रदान करेंगे। ग्राम पंचायत भविष्य में भी ऐसे पर्यावरण-हितैषी कार्यों में बढ़-चढक़र सहयोग करती रहेगी। इस अवसर पर गांव के कई अन्य गणमान्य व्यक्ति, विद्यालय स्टाफ और छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। सभी ने एक स्वर में गांव को स्वच्छ और हरा-भरा बनाने का संकल्प लिया। इस अवसर पर मेजर धर्मवीर महला, सहायक उप निरीक्षक कांता नेहरा अदिति नेहरा आदित्य नेहरा सरोज, मोनू सुमित कुमार,कृष्ण कुमार बारूराम, नसीब, अमरजीत, संदीप भी मौजूद रहे।