आईसीएमएआई भिवानी चैप्टर में सीएटी कोर्स के प्रथम बैच का समापन : सैनिकों के पेशेवर पुनर्वास को मिली नई दिशा
भिवानी, 29 अगस्त : भारतीय लागत लेखाकार संस्थान (आईसीएमएआई) के भिवानी चैप्टर द्वारा रक्षा मंत्रालय के पूर्व सैनिक कल्याण विभाग के अंतर्गत डायरेक्टरेट जनरल रिसेटलमेंट (डीजीआर) के सहयोग से संचालित सर्टिफिकेट इन अकाउंटिंग टेक्नीशियंस (सीएटी) कोर्स के प्रथम बैच का समापन समारोह आयोजित किया गया। यह पहल सैन्य पृष्ठभूमि से जुड़े युवाओं और सैनिकों को कॉर्पोरेट व वित्तीय क्षेत्र में सफल करियर स्थापित करने के लिए सशक्त बनाने की दिशा में एक मील का पत्थर साबित हुई है। समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में कर्नल रजनीश विजरा ने वर्चुअल माध्यम से शिरकत की और विद्यार्थियों का मार्गदर्शन किया। कर्नल रजनीश विजरा ने अपने संबोधन में कहा कि सैन्य जीवन से नागरिक व कॉर्पोरेट जीवन में कदम रखना एक महत्वपूर्ण बदलाव है। सेना में सीखा गया अनुशासन और यह तकनीकी प्रशिक्षण मिलकर आपको उद्योग जगत में विशिष्ट पहचान दिलाएंगे। विद्यार्थी समर्पण, ईमानदारी और उत्कृष्टता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता बनाए रखें, सफलता निश्चित रूप से आपके कदम चूमेगी। समारोह के दौरान भारतीय थल सेना, नौसेना और वायु सेना से जुड़े सीएटी विद्यार्थियों से सीधा संवाद किया गया तथा फीडबैक लिया। प्रतिभागियों ने कोर्स से मिले लाभ, व्यावहारिक प्रशिक्षण और भविष्य की पेशेवर योजनाओं को साझा किया। विद्यार्थियों ने बताया कि यह पाठ्यक्रम वित्तीय प्रबंधन, टैक्स अनुपालन और आधुनिक अकाउंटिंग सॉफ्टवेयर के संचालन में उनके कौशल को निखारने में अत्यधिक प्रभावी सिद्ध हुआ है। कार्यक्रम में आईसीएमएआई सीएटी के संयुक्त निदेशक सीएमए आर. के. जैन तथा वरुण जोशी ने भी वर्चुअल माध्यम से विद्यार्थियों को संबोधित किया। सीएमए आर.के. जैन ने कहा कि अकाउंटिंग और फाइनेंस का क्षेत्र निरंतर परिवर्तनशील है। बदलते नियमों और नई तकनीकों के इस दौर में खुद को लगातार अपडेट रखना ही दीर्घकालिक करियर विकास की कुंजी है। यह सीएटी कोर्स आपके लिए वित्तीय क्षेत्र में असीम संभावनाओं के द्वार खोलता है। आईसीएमएआई भिवानी चैप्टर के चेयरमैन सीएमए संदीप शर्मा, वाईस चेयरमैन सीएमए दीपक कुमार महता ने कहा कि प्रथम सीएटी बैच का सफल समापन हमारे चैप्टर के लिए गर्व का विषय है। भिवानी चैप्टर के सचिव एवं कोषाध्यक्ष सीएमए विजय कुमार शर्मा, सामूहिक प्रयासों, डीजीआर के सहयोग और शीर्ष नेतृत्व के मार्गदर्शन से ही हम देश की सेवा करने वाले वीर सैनिकों के करियर संवर्धन में भागीदार बन सके हैं। भिवानी चैप्टर आगे भी गुणवत्तापूर्ण व्यावसायिक शिक्षा और सशक्त करियर मार्गदर्शन प्रदान करने के लिए पूरी तरह संकल्पित है। इस अवसर पर, सीएमए रणदीप शर्मा, समिति सदस्य , सीएमए संजय कुमार आर्य, समिति सदस्य दीपक वत्स भी मौजूद रहे। कार्यक्रम के आयोजन में सभी पदाधिकारियों व सदस्यों का सहयोग रहा।