आदर्श गांव सुई के बालाजी धाम में धार्मिक आयोजन व पौधे लगाकर मनाया रक्षाबंधन, दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश
प्राकृतिक आपदाओं से बचाव के लिए प्रकृति के साथ तालमेल बिठाकर रहना अत्यंत आवश्यक : डा. उमेद शर्मा
भिवानी, 29 अगस्त : सावन मास की पूर्णिमा के अवसर पर आदर्श गांव सुई स्थित संकट मोचन श्रीबालाजी धाम में हर महीने की तरह इस बार भी रक्षाबंधन का पर्व बड़े ही धूमधाम और भक्तिभाव से मनाया गया। आचार्य उमेद कौशिक गुरुकुल फाउंडेशन गु्रप के तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में धार्मिक अनुष्ठानों के साथ-साथ सामाजिक एवं पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया गया। कार्यक्रम के दौरान धाम में सुंदरकांड, हनुमान चालीसा, बजरंग बाण और अखंड रामायण का पाठ किया गया। सावन का अंतिम दिन होने के कारण मंदिर परिसर में बेलपत्र के पौधे रोपे गए और श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया। संस्थान के अध्यक्ष, विख्यात शिक्षाविद एवं ज्योतिषाचार्य डा. उमेद शर्मा ने इस अवसर पर अपने विचार व्यक्त करते हुए पर्यावरण, धर्म और मानव जीवन के संतुलन पर विशेष बल दिया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को अपने जीवन के हर शुभ अवसर पर पेड़-पौधे अवश्य लगाने चाहिए। इससे जलवायु संतुलित रहती है और हमें शुद्ध ऑक्सीजन प्राप्त होती है। प्राकृतिक आपदाओं से बचाव के लिए प्रकृति के साथ तालमेल बिठाकर रहना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि मनुष्य को अपने धर्म, नियम और दान-पुण्य के मार्ग पर चलना चाहिए। भागदौड़ भरी जिंदगी में केवल धन के पीछे भागने के बजाय प्रभु का गुणगान करने से जीवन सरल, स्वस्थ, प्रेमपूर्ण और सुखमय बनता है। जीवन दर्शन पर प्रकाश डालते हुए उन्होंने कहा कि इंसान को वर्तमान में जीना चाहिए, क्योंकि वर्तमान ही उसका वास्तविक समय है ना भूत और ना भविष्य। इंसानियत की सेवा और ईश्वर का ध्यान ही सच्चा मार्ग है। उन्होंने आह्वान किया कि व्यक्ति को अपनी नेक कमाई में से दशांत (दसवां हिस्सा) दान करना चाहिए। जीव-जंतुओं, असहायों, निर्धनों की सेवा करना, भोजन, जल व वस्त्र का दान करना ही मानव जीवन को समर्थ बनाता है। 'नर में ही नारायण' का रूप देखकर हर जीव की सेवा करनी चाहिए और श्रीमद्भगवद्गीता के उपदेशों को अपने जीवन में उतारना चाहिए। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी श्रद्धालुओं और गणमान्य व्यक्तियों को प्रसाद वितरित किया गया। सभी ने एक-दूसरे के प्रति प्रेम, सद्भाव और रक्षा का संकल्प लिया। इस अवसर पर संस्थान के सचिव रमन शर्मा, राजकुमार मास्टर, दिनेश शास्त्री, रामकरण शास्त्री, संदीप जांगड़ा, सुरेंद्र शास्त्री, भास्कर शर्मा, खुशी शर्मा, हर्षिता शर्मा और लव शर्मा सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।