राष्ट्रीय खेल दिवस पर भीम स्टेडियम में हुआ हाकी प्रतियोगिता का आयोजन
लड़कों और लड़कियों ने दिखाया दमखम
भीम स्टेडियम की टीम बनी विजेता
भिवानी, 29 अगस्त। राष्ट्रीय खेल दिवस एवं हॉकी के महान खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद की जयंती के उपलक्ष्य में शनिवार को डीसी साहिल गुप्ता के मार्गदर्शन में खेल विभाग के तत्वाधान में स्थानीय भीम स्टेडियम के हॉकी ग्राउंड में हॉकी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में विभिन्न क्षेत्रों से आई हॉकी टीमों ने भाग लिया। खिलाड़ियों ने पूरे जोश और उत्साह के साथ मैच खेलते हुए अपनी प्रतिभा एवं दमखम का शानदार प्रदर्शन किया। लड़कों और लड़कियों की प्रतियोगिता में भी स्टेडियम की टीम विजेता बनी।
प्रतियोगिता में उद्योगपति अनिल कालूवाला मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए तथा खेल विभाग से सेवानिवृत्त डिप्टी डायरेक्टर छाजू राम गोयत, सूबेदार मेजर सेल्वराज एवं सेवानिवृत्त डीएसओ बीरेंद्र सभरवाल विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे।
जिला खेल अधिकारी विद्यानंद यादव ने सभी का स्वागत किया। खेल अधिकारियों ने मेजर ध्यानचंद के चित्र के समक्ष पुष्पांजलि अर्पित कर उनको नमन किया। जिला खेल अधिकारी विद्यानंद यादव ने बताया कि मुख्य अतिथि अनिल कालूवाला ने खिलाड़ियों एवं खेल नर्सरियों के विकास के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। उन्होंने बापोड़ा की हॉकी बालिका खेल नर्सरी में चेंजिंग रूम एवं बाथरूम का निर्माण करवाने, भिवानी की सभी हॉकी खेल नर्सरियों में खेल सामग्री उपलब्ध करवाने तथा बापोड़ा गांव स्थित डॉ. बी.आर. अंबेडकर भवन में ई-लाइब्रेरी एवं कुंगड़ गांव में ई-लाइब्रेरी का निर्माण करवाने की घोषणा की। इन घोषणाओं का खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों एवं खेल प्रेमियों ने स्वागत किया और इसे क्षेत्र की खेल प्रतिभाओं एवं विद्यार्थियों के लिए महत्वपूर्ण पहल बताया।
इस अवसर पर धनाना गांव के हैंडबॉल खिलाड़ियों को खेल किट वितरित की गई। वहीं मैच समाप्त होने के बाद सभी खिलाड़ियों को रिफ्रेशमेंट भी प्रदान की गई।
जिला खेल अधिकारी विद्यानंद ने कहा कि प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य बच्चों एवं युवाओं को खेलों के प्रति प्रोत्साहित करना, खेल प्रतिभाओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाना तथा उन्हें आगे बढ़ने के लिए उचित अवसर प्रदान करना रहा।
इस प्रकार के खेल आयोजन खिलाड़ियों में नई ऊर्जा, आत्मविश्वास और प्रतिस्पर्धा की भावना पैदा करते हैं। साथ ही, खेल प्रतिभाओं को उचित मंच एवं सुविधाएं उपलब्ध करवाकर उन्हें राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने में ऐसे आयोजनों की महत्वपूर्ण भूमिका रहती है।
बॉक्स
प्रतियोगिता में लड़कों में भीम स्टेडियम, प्रेम नगर, बापोड़ा और तिगड़ाना की टीम में पहुंची, वहीं लड़कियों में भीम स्टेडियम, बापोड़ा खरक और प्रेम नगर की टीम पहुंची।
लड़कों की प्रतियोगिता में भीम स्टेडियम की टीम ने बापोड़ा की टीम को दो के मुकाबले चार गोल से पराजित किया, वहीं लड़कियों की प्रतियोगिता में भी स्टेडियम ने बापोड़ा की टीम को दो के मुकाबले तीन गोल से पराजित किया।
इस अवसर पर हॉकी कोच नीरज, बास्केटबॉल कोच सुमित, हैंडबॉल कोच हरिस्वरूप, कुश्ती कोच सुरेश, कबड्डी कोच संजय, वुशू कोच राजेश तथा नर्सरी कोच मोहित भापोड़ा सहित अन्य खेल प्रशिक्षक एवं गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।