यमुना-दरधा संगम घाट पर गंगा आरती से दिखा आस्था और स्वच्छता का संगम
जहानाबाद : ‘स्वच्छता ही सेवा-2026’ अभियान के तहत सोमवार को यमुना-दरधा रिवर फ्रंट स्थित संगम घाट पर भव्य गंगा आरती का आयोजन किया गया। जिला पदाधिकारी छिरिङ वाई भूटिया के निर्देश पर नगर परिषद जहानाबाद की ओर से आयोजित कार्यक्रम में बनारस से आई विशेष टीम ने विधि-विधान और मंत्रोच्चार के साथ आरती की।
दीपों की जगमगाहट, मंत्रोच्चार और आरती की मनोहारी छटा से संगम घाट भक्तिमय वातावरण में डूब गया। बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी और आमजन कार्यक्रम में शामिल हुए। इस दौरान लोगों ने आरती के साथ स्वच्छता और नदी संरक्षण का संदेश भी लिया।
जिला गंगा समिति और नगर परिषद के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम का उद्देश्य लोगों में आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक चेतना के साथ नदियों और जलस्रोतों को स्वच्छ रखने के प्रति जागरूकता बढ़ाना था। आमजनों से नदी घाटों, जलस्रोतों और सार्वजनिक स्थलों को साफ रखने तथा स्वच्छता को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने की अपील की गई।
कार्यक्रम में डीडीसी आदित्य कुमार पीयूष, एसडीओ राजीव रंजन सिन्हा, वरीय उप समाहर्ता-सह-जिला सूचना एवं जनसंपर्क पदाधिकारी निपुण कुमारी सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे। मुख्य पार्षद रूपा देवी, उप मुख्य पार्षद पिंटू रजक, वार्ड पार्षद संजय कुमार यादव, प्रकाश कुमार और नीरज कुमार हनी सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में आमजन भी उपस्थित रहे।
गंगा आरती के माध्यम से संगम घाट पर आस्था, स्वच्छता और नदी संरक्षण का संदेश एक साथ दिया गया। कार्यक्रम में लोगों से नदियों को प्रदूषण मुक्त रखने और स्वच्छ एवं सुंदर जहानाबाद के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की गई।