मुख्यमंत्री जनविश्वास शिविर के आवेदनों का समय-सीमा में निराकरण किया जाये - कलेक्टर श्री यादव
==
1000 दिन से अधिक लंबित सीएम हेल्पलाइन शिकायतों को प्राथमिकता से सुलझाने के निर्देश
===
प्रधानमंत्री आवास योजना के 3 करोड़ रुपये पात्र शेष हितग्राहियों के खातों में किये जाये अंतरित
=
प्रत्येक जनपद पंचायत कम से कम 10 निराश्रित गौवंश को पहुँचाए गौशाला
==
समय-सीमा बैठक संपन्न, कलेक्टर ने दिए आवश्यक दिशा- निर्देश
==
मुख्यमंत्री जनविश्वास शिविर के अंतर्गत प्राप्त सभी आवेदनों का पूरी तत्परता एवं निर्धारित समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित किया जाए। विशेष रूप से 1000 दिन से अधिक समय से लंबित सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर त्वरित निराकरण किया जाए। यह निर्देश कलेक्टर प्रताप नारायण यादव ने समय-सीमा की बैठक में अधिकारियों को दिए।
प्रधानमंत्री आवास योजना की राशि शीघ्र हितग्राहियों तक पहुंचाएं
कलेक्टर ने प्रधानमंत्री आवास योजना की समीक्षा करते हुए कहा कि नगर पालिका दमोह को पीएमएवाई 1.0 योजना के अंतर्गत 3 करोड़ रुपये की राशि प्राप्त हुई है। उन्होंने निर्देश दिए कि यह राशि सभी पात्र हितग्राहियों के खातों में निर्धारित समय-सीमा में अंतरित की जाए।
उन्होंने कहा मध्यप्रदेश स्थापना दिवस पर आयोजित गरिमामय कार्यक्रम में प्रतीकात्मक रूप से हितग्राहियों को स्वीकृति पत्र प्रदान किए गए थे। शेष पात्र हितग्राहियों के खातों में भी आवास निर्माण की राशि शीघ्र अंतरित करने के निर्देश दिए, ताकि वे समय पर अपने पक्के मकानों का निर्माण पूरा कर सकें।
कोई भी प्रकरण 'नॉन अटेंड' न रहे, लापरवाही बरतने वालों पर होगी कार्रवाई
बैठक के दौरान कलेक्टर श्री यादव ने सीएम हेल्पलाइन के प्रकरणों की गहन समीक्षा की। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि कोई भी प्रकरण 'नॉन अटेंड' (Non-Attend) स्थिति में नहीं रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि जिन अधिकारियों के स्तर पर प्रकरण नॉन अटेंड पाए जाएंगे, उनके विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।
उन्होने कहा लगातार की जा रही मॉनिटरिंग और समीक्षा का सकारात्मक परिणाम यह रहा कि इस सप्ताह मात्र 3 प्रकरण ही 'नॉन अटेंड' पाए गए। इसके साथ ही, 1000 दिन से अधिक समय से लंबित सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों (वर्तमान में लंबित 31 शिकायतें) के त्वरित निराकरण के भी स्पष्ट निर्देश दिए।
प्रत्येक जनपद पंचायत कम से कम 10 निराश्रित गौवंश को पहुँचाए गौशाला
कलेक्टर श्री यादव ने 'सड़क से गौशाला अभियान' की समीक्षा करते हुए सभी जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियो को कड़े निर्देश दिए कि वे सड़कों पर घूम रहे निराश्रित गौवंश को नजदीकी गौशालाओं में पहुँचाना पूरी तरह सुनिश्चित करें। प्रत्येक जनपद पंचायत अपने क्षेत्र के कम से कम 10 निराश्रित गौवंशों को गौशालाओं में संरक्षित कराएं।
टीम भावना और सकारात्मकता से करें कार्य
श्री यादव ने अधिकारियों से कहा कि वे सकारात्मक सोच के साथ टीम भावना से कार्य करें। शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पूरी पारदर्शिता के साथ समाज के अंतिम पात्र व्यक्ति तक पहुंचाना सुनिश्चित करें। साथ ही आमजन की समस्याओं के निराकरण में संवेदनशीलता और तत्परता बरतें। बैठक में कलेक्टर ने सभी अधिकारियो को दीपावली की शुभकामनाएं दी गई।
2 views | Damoh, Madhya Pradesh | Nov 2, 2026