#बलिया में सड़क सुरक्षा पखवाड़े का आगाज, परिवहन मंत्री ने जागरूकता वाहनों को दिखाई हरी झंडी
#बिना_हेलमेट वालों को मंत्री ने खुद पहनाया हेलमेट, यातायात नियमों के पालन की दिलाई शपथ
#सड़क_हादसे में घायल की जान बचाने वाले को मिलेगा 25 हजार रुपये का पुरस्कार
#बलिया, सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और आमजन को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से सोमवार को पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस में 15 दिवसीय सड़क सुरक्षा पखवाड़े का शुभारंभ किया गया। सेवा संकल्प अभियान (सड़क सुरक्षा : जीवन रक्षा) के तहत आयोजित कार्यक्रम का उद्घाटन प्रदेश के परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने किया। इस दौरान उन्होंने जागरूकता प्रचार वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया और लोगों से यातायात नियमों का पालन करने की अपील की।
कार्यक्रम के दौरान परिवहन मंत्री ने बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चला रहे चालकों और पीछे बैठे सहयात्रियों को रोककर स्वयं हेलमेट पहनाया। उन्होंने कहा कि दोपहिया वाहन पर चालक के साथ पीछे बैठने वाले व्यक्ति के लिए भी हेलमेट लगाना अनिवार्य है। थोड़ी सी लापरवाही जानलेवा साबित हो सकती है। उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली मौतों को रोकना है। घर से निकलते समय जल्दी पहुंचने की होड़ न करें, बल्कि सुरक्षित घर लौटने को प्राथमिकता दें। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ चालान और वाहन सीज करने जैसी कार्रवाई की जाएगी।
इस अवसर पर परिवहन मंत्री ने प्रशासनिक अधिकारियों, पुलिसकर्मियों और उपस्थित नागरिकों को सड़क सुरक्षा की शपथ दिलाई। सभी ने हेलमेट और सीट बेल्ट का प्रयोग करने, निर्धारित लेन में वाहन चलाने, तेज रफ्तार और गलत दिशा में वाहन चलाने से बचने, वाहन चलाते समय मोबाइल का इस्तेमाल नहीं करने तथा नशे की हालत में वाहन नहीं चलाने का संकल्प लिया। साथ ही सड़क दुर्घटना में घायल लोगों की मदद करने और उन्हें तत्काल उपचार उपलब्ध कराने की शपथ भी ली गई।
जिलाधिकारी ज्ञानेन्द्र सिंह ने सड़क दुर्घटना में घायल लोगों की मदद के लिए आमजन से आगे आने की अपील की। उन्होंने कहा कि दुर्घटना के बाद शुरुआती समय घायल व्यक्ति के लिए बेहद महत्वपूर्ण होता है। समय पर अस्पताल पहुंचाकर उसकी जान बचाई जा सकती है। उन्होंने बताया कि राहवीर योजना के तहत सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल व्यक्ति को तत्काल अस्पताल पहुंचाकर उसकी जान बचाने में मदद करने वाले व्यक्ति को सरकार की ओर से 25 हजार रुपये का नकद पुरस्कार दिया जाता है। उन्होंने लोगों से अपील की कि कानूनी कार्रवाई या पुलिस पूछताछ के डर से घायलों की मदद करने से पीछे न हटें।
कार्यक्रम में परिवहन विभाग की ऑनलाइन सेवाओं और सुविधाओं की जानकारी भी दी गई। 16 से 30 नवंबर तक चलने वाले इस पखवाड़े के दौरान विभिन्न माध्यमों से जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इस अवसर पर भाजपा के वरिष्ठ नेता वीरेंद्र पाठक टुन, पूर्व जिला मंत्री अरुण सिंह बंटू, चेयरमैन संत कुमार गुप्ता उर्फ मिठाई लाल, आरटीओ अरुण कुमार राय, डिप्टी एसपी संजय वर्मा, पूर्व जिलाध्यक्ष जयप्रकाश शाहू सहित अन्य अधिकारी एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।