छठ महापर्व को लेकर डीएम और एसपी ने संभाली सुरक्षा व्यवस्था, घाटों का किया निरीक्षण
अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश, श्रद्धालुओं की सुरक्षा और यातायात व्यवस्था पर विशेष सतर्कता
#बलिया
छठ महापर्व को सकुशल, शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने के लिए जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह और पुलिस अधीक्षक डॉ. ईरज राजा लगातार भ्रमणशील रहकर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा ले रहे हैं। इस दौरान दोनों अधिकारियों ने संबंधित अधिकारियों एवं पुलिसकर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जनपद के सभी थाना क्षेत्रों में पुलिस अधिकारियों द्वारा छठ घाटों का निरीक्षण किया जा रहा है। इस दौरान घाटों पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा, भीड़ प्रबंधन और यातायात व्यवस्था का जायजा लिया जा रहा है। घाटों तक आने-जाने वाले मार्गों पर यातायात सुचारु बनाए रखने तथा किसी भी अप्रिय घटना की रोकथाम के लिए विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं।
संवेदनशील स्थानों और घाटों के आसपास पुलिस बल की सक्रियता सुनिश्चित की जा रही है, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो और पर्व के दौरान शांति एवं कानून-व्यवस्था बनी रहे। बलिया पुलिस ने छठ महापर्व को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए सुरक्षा प्रबंधों को लेकर लगातार निगरानी जारी रखी है।