कार से 22 पेटी अवैध शराब जब्त, दो आरोपी गिरफ्तार
इंदौर से देवास लाई जा रही थी मदिरा, शराब और कार की कीमत करीब 3.93 लाख रुपए
देवास। अवैध मदिरा के निर्माण, संग्रहण और परिवहन के खिलाफ आबकारी विभाग ने कार्रवाई करते हुए कार से 22 पेटी देशी-विदेशी शराब जब्त की है। कार्रवाई में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। जब्त शराब और वाहन का अनुमानित बाजार मूल्य करीब 3 लाख 93 हजार रुपए बताया गया है।
आबकारी विभाग के दल ने खारी बावड़ी, अखाड़ा रोड और मालीपुरा क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए एक कार की तलाशी ली। तलाशी के दौरान कार से 20 पेटी देशी मदिरा प्लेन और 2 पेटी व्हिस्की, कुल 198 बल्क लीटर मदिरा बरामद हुई।
प्रारंभिक जांच में सामने आया कि रोहित जाधव और अर्पित चौहान, दोनों निवासी देवास, कथित रूप से यह मदिरा इंदौर से अवैध रूप से संग्रह कर देवास में परिवहन कर रहे थे। आबकारी विभाग ने दोनों के खिलाफ मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम, 1915 की धारा 34(1)(क) एवं 34(2) के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
इंदौर की सप्लाई होने की आशंका
विभाग के अनुसार जब्त मदिरा प्रथम दृष्टया इंदौर जिले की सप्लाई वाली प्रतीत हो रही है। शराब कहां से लाई गई और इसके पीछे सप्लाई नेटवर्क में कौन-कौन लोग शामिल हैं, इसकी जांच की जा रही है।
कार्रवाई में आबकारी उपनिरीक्षक प्रेम यादव, राजाराम रायकवार और दीपक धुरिया, आबकारी आरक्षक निहाल खत्री, निकिता परमार तथा सैनिक अनिल चौहान शामिल रहे।