ब्राह्मणखेड़ी रेलवे फाटक के पास जुए की फड़ पर पुलिस का छापा, 14 जुआरी गिरफ्तार
देवास। बैंक नोट प्रेस थाना पुलिस ने ऑपरेशन प्रहार के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए ब्राह्मणखेड़ी रेलवे फाटक के किनारे चल रही जुए की फड़ पर दबिश दी। पुलिस ने मौके से 14 जुआरियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 2 लाख 52 हजार 250 रुपए नकद बरामद किए। मौके से ताश की तीन गड्डियां, 15 मोबाइल फोन और करीब 8 लाख रुपए कीमत के वाहन भी जब्त किए गए।
पुलिस के अनुसार, 13 सितंबर की दरमियानी रात मुखबिर से सूचना मिली थी कि ब्राह्मणखेड़ी रेलवे फाटक के पास कुछ लोग ताश के पत्तों से हार-जीत का दांव लगाकर जुआ खेल रहे हैं। सूचना के आधार पर बैंक नोट प्रेस थाना पुलिस टीम ने बताए गए स्थान पर दबिश दी। कार्रवाई के दौरान मौके से 14 लोगों को जुआ खेलते पकड़ा गया।
पुलिस ने आरोपियों के पास से 2,52,250 रुपए नकद, ताश की तीन गड्डियां, 15 मोबाइल फोन, दो मोटरसाइकिल, दो स्कूटी और दो ऑटो रिक्शा जब्त किए। जब्त संपत्ति की कुल अनुमानित कीमत करीब 8 लाख रुपए बताई गई है।
मामले में बैंक नोट प्रेस थाने में अपराध क्रमांक 564/2026 के तहत धारा 13 जुआ एक्ट में प्रकरण दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
गिरफ्तार किए गए आरोपी
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों में अशफाक खान, अकिल अहमद, आबिद शेख, सईद शेख, आमीन खान, शाहीद कुरैशी, बालकृष्ण मालवीय, समीर अंसारी, मिथुन शर्मा, अनवर मंसुरी, रजनीश पटेल, इमरान शेख, हारून शेख और सादिक शामिल हैं। आरोपी देवास के अलावा सीहोर, शाजापुर और आगर जिले के निवासी बताए गए हैं।
ऑपरेशन प्रहार के तहत कार्रवाई
पुलिस अधीक्षक पुनीत गेहलोत के निर्देश पर जिले में संगठित अपराध, जुआ-सट्टा और अवैध शराब जैसी गतिविधियों के खिलाफ ऑपरेशन प्रहार चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत बैंक नोट प्रेस थाना पुलिस की यह कार्रवाई सामने आई है।
कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक प्रीति कटारे सहित बैंक नोट प्रेस थाना पुलिस की टीम की भूमिका रही।