पैक्स अध्यक्ष के भाई के घर में लाखों की चोरी नहीं पता चला गृह स्वामियों को
कैरिखाप गांव में लाखों की चोरी, सो रहे परिवार को भनक तक नहीं लगी
सनोज कुमार संगम
रजौली थाना क्षेत्र के कैरिखाप गांव में मंगलवार की देर रात अज्ञात चोरों ने एक बंद घर को निशाना बनाकर लाखों रुपये की संपत्ति पर हाथ साफ कर दिया। घटना के समय गृहस्वामी की पत्नी अपने दो छोटे बच्चों के साथ घर की छत पर सो रहे थे। जबकि चोर मुख्य दरवाजे का ताला तोड़कर घर में घुस गए।
पीड़ित परिवार के अनुसार चोर घर से करीब 120 ग्राम सोने के जेवरात, 250 ग्राम चांदी के आभूषण, 150 किलो पीतल-तांबा-कांसा के बर्तन, 10 हजार रुपये नकद तथा महंगे कपड़े चुरा ले गए। चोरी गई संपत्ति की कीमत लगभग 10 लाख रुपये बताई जा रही है।
बताया जाता है कि यह चोरी अमावां पूर्वी पैक्स अध्यक्ष रामाशीष कुमार यादव के छोटे भाई गोवर्धन कुमार यादव के घर में हुई। गोवर्धन कुमार यादव सऊदी अरब में कार्यरत हैं, जबकि घर पर उनकी पत्नी और बच्चे रहते हैं। गर्मी के कारण उनकी पत्नी घर में ताला लगाकर सीढ़ी के रास्ते छत पर सोने चली गई थीं।
देर रात करीब 1:47 बजे परिवार की एक महिला की नींद खुली। रोशनदान से घर के अंदर झांकने पर सामान बिखरा हुआ दिखाई दिया। इसके बाद शोर मचाने पर आसपास के लोग और परिजन मौके पर पहुंचे। घटना की सूचना मिलते ही गांव में हड़कंप मच गया।
बुधवार सुबह मामले की जानकारी रजौली थाना को दी गई। सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ की तथा मामले की जांच शुरू कर दी है। डॉग स्क्वायड टीम को भी सूचना दी गई है।इस संबंध में थानाध्यक्ष रणजीत कुमार ने बताया कि चोरी की सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम को मौके पर भेजा गया है। मामले की गहन छानबीन की जा रही है और जल्द ही चोरों की पहचान कर कार्रवाई की जाएगी। वही मौके पर एफएसएल का टीम पहुंचकर घटनास्थल का जांच पड़ताल किया एवं पुलिस ने लोगों को आगाह किया कि जिस भी गांव में गुलगुलिया समाज के लोग बसे हैं उनसे सतर्क रहें वही लोग दिन में इधर घूमते हैं रात में चोरी के वारदात को अंजाम देते हैं।
Rajauli, Nawada | Jun 24, 2026