नुक्कड़ नाटक के जरिए नशामुक्ति का संदेश, चलाया गया जागरूकता अभियान
लखीसराय। बिहार में मद्यनिषेध नीति को प्रभावी बनाने और नशामुक्त समाज के निर्माण के उद्देश्य से मद्यनिषेध मुख्यालय, पटना की ओर से लखीसराय जिले में नुक्कड़ नाटक मंडली भेजी गई। मंडली द्वारा बड़हिया, सूर्यगढ़ा एवं लखीसराय नगर परिषद क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर नुक्कड़ नाटक के माध्यम से आम लोगों को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक किया गया।
नाटक के जरिए लोगों को शराब एवं अन्य नशीले पदार्थों से दूर रहने तथा नशामुक्त समाज के निर्माण में अपनी भागीदारी निभाने का संदेश दिया गया। वहीं, मद्यनिषेध विभाग की ओर से पूरे बिहार में लगातार महाअभियान चलाकर जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
इसी कड़ी में जिले में जीविका दीदियों और ब्रह्माकुमारी संस्थान की दीदियों द्वारा भी प्रतिदिन जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। विभिन्न माध्यमों से लोगों को नशे से होने वाले सामाजिक, आर्थिक एवं पारिवारिक नुकसान की जानकारी देकर नशामुक्त बिहार बनाने की अपील की जा रही है।