प्रतापपुर में डालसा का मेगा ड्राइव कैंप, श्रमिकों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने की पहल
लखीसराय। नालसा, नई दिल्ली एवं बालसा, पटना के निर्देश पर असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों के कल्याण के लिए प्रतापपुर गांव में जिला विधिक सेवा प्राधिकार (डालसा) की ओर से विशेष मेगा ड्राइव कैंप का आयोजन किया गया। हलसी प्रखंड के प्रतापपुर गांव में आयोजित इस कार्यक्रम में ग्रामीणों को श्रमिकों से जुड़ी सरकारी योजनाओं एवं नालसा की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। साथ ही योजनाओं का लाभ प्राप्त करने की प्रक्रिया भी बताई गई।
कार्यक्रम में डालसा सचिव विधानंद सागर, हलसी के पंचायती राज पदाधिकारी सह प्रभारी बीडीओ, श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी, चिकित्सा पदाधिकारी, पैनल अधिवक्ता, पीएलवी पंकज कुमार भारती, अजय कुमार यादव, ज्वाला जी सहित कवच परियोजना सेंटर डायरेक्ट एवं विकासार्थ के प्रतिनिधि मौजूद रहे। बड़ी संख्या में ग्रामीणों और समाजसेवियों ने भी भाग लिया।
कैंप में पैनल अधिवक्ताओं एवं श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी ने श्रमिकों के अधिकारों और उनके लिए संचालित सरकारी योजनाओं की जानकारी दी। श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी ने बताया कि जल्द ही प्रतापपुर में विशेष काउंटर खोला जाएगा, जहां ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने में सहायता मिलेगी। वहीं, प्रभारी बीडीओ ने ग्रामीणों की समस्याओं के समाधान के लिए हरसंभव प्रयास करने का भरोसा दिया।
डालसा सचिव विधानंद सागर ने ग्रामीणों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि श्रमिकों एवं आम नागरिकों की समस्याओं और सरकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त करने के लिए आवेदन दिया जा सकता है। प्रतापपुर स्थित लीगल एड क्लीनिक में भी ग्रामीण अपनी शिकायत एवं आवेदन जमा कर सकते हैं। मेगा ड्राइव के तहत एक पैनल अधिवक्ता और एक पीएलवी को विशेष रूप से प्रतिनियुक्त किया गया है।
उन्होंने सभी संबंधित विभागों के पदाधिकारियों से योजनाओं का लाभ जरूरतमंदों तक पहुंचाने के लिए तत्परता से काम करने की अपील की।