*हरी शेवा उदासीन आश्रम में दो दिवसीय निर्मला बाई की कथा संपन्न, श्रद्धालुओं ने भाव-विभोर होकर किया श्रवण*
-कार्तिक मास की प्राचीन परंपरा का हुआ निर्वहन, भजन-सत्संग के बीच वितरित किया डोडा साग-चटनी का प्रसाद
भीलवाड़ा: पंकज आडवाणी हरी शेवा उदासीन आश्रम सनातन मंदिर में कार्तिक मास के अवसर पर आयोजित दो दिवसीय प्रसिद्ध निर्मला बाई की कथा शुक्रवार शाम श्रद्धा एवं भक्तिभाव के साथ संपन्न हुई। कथा के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाव-विभोर होकर सत्संग का श्रवण किया और गुरु परंपरा के प्रति अपनी अटूट आस्था प्रकट की। बाबा शेवाराम साहब की स्थापित नियम एवं परंपरा के अनुसार कार्तिक मास में प्रतिवर्ष निर्मला बाई की प्रसिद्ध कथा ‘पंज डोडा साग टकिय जो’ का आयोजन किया जाता है। इसका भावार्थ पांच मक्की की रोटी और सरसों की हरी सब्जी से जुड़ी परंपरा से है।
इस अवसर पर महामंडलेश्वर स्वामी हंसराम जी उदासीन ने संगीतमय कथा का वाचन करते हुए वर्तमान जीवन में इसकी प्रासंगिकता और आध्यात्मिक महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि गुरुजनों, शास्त्रों और सनातन परंपराओं की शिक्षाओं का सही ढंग से पालन नहीं करने तथा अपने मार्ग से भटकने के कारण मनुष्य अशांति की ओर अग्रसर हो रहा है। उन्होंने श्रद्धालुओं को विभिन्न आध्यात्मिक शिक्षाओं से अवगत कराते हुए उन्हें जीवन में आत्मसात करने का आह्वान किया। स्वामी जी ने कहा कि कलियुग में सच्चे भाव से सेवा और प्रभु सुमिरन करने मात्र से जीवन में सुख-शांति और स्थिरता प्राप्त की जा सकती है। गुरु परंपरा, भक्ति और सेवा ही मानव जीवन को सही दिशा प्रदान करती हैं। स्वामी जी के सानिध्य में संत मयाराम, संत राजाराम, संत गोविंदराम, संत ईशानराम, संत केशवराम, संत सुयज्ञराम, बालक मिहिर एवं यश सहित अन्य श्रद्धालुओं ने भजन एवं सत्संग की प्रस्तुतियां दीं। इस दौरान ‘ईहा विनती तू सुन तू खणी, मुहिंजी प्रीत आहे तोसा घणी, कडहिं इन्दे तू अंगण धणी’ तथा ‘हरिराम तुहिंजा बचड़ा आहियूं, तुहिंजे चरणन में सिर था निवायूं’ सहित अनेक भजनों ने वातावरण को भक्तिमय बना दिया। कथा के समापन पर आरती, अरदास एवं प्रार्थना की गई। इसके पश्चात श्रद्धालुओं को प्रसाद स्वरूप डोडा साग एवं चटनी वितरित की गई। कार्तिक पूर्णिमा से पूर्व आयोजित होने वाली यह कथा सतगुरु के प्रति अटूट श्रद्धा और विश्वास का प्रतीक मानी जाती है।
*पांच वरदानों से जुड़ी है कथा की मान्यता*
निर्मला बाई की कथा को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष मान्यता है। ऐसी मान्यता है कि इस कथा को पांच वरदान प्राप्त हैं। परिवार में कष्टदायक पीड़ा, पति-पत्नी के बीच वैचारिक मतभेद, संतान संबंधी अभिलाषा, धन की कमी और अन्न की कमी जैसी समस्याओं से मुक्ति की कामना के साथ श्रद्धालु कथा का श्रवण करते हैं। मान्यता है कि पूर्ण श्रद्धा एवं मनोयोग से कथा सुनने और प्रभु का स्मरण करने से मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं। इस अवसर पर श्रद्धालु अपने घरों से पांच मक्की की रोटियां एवं सरसों का साग बनाकर परमात्मा को अर्पित करते हैं। संत गोविंदराम ने बताया कि सम्पूर्ण कार्तिक मास के दौरान आश्रम में गोपाष्टमी, आंवला नवमी एवं देवउठनी एकादशी सहित सभी प्रमुख धार्मिक पर्व पूर्ण भक्तिभाव से मनाए जाएंगे। आश्रम में प्रतिदिन हवन, पूजा, अभिषेक एवं पाठ-पारायण भी हो रहे हैं। कार्तिक मास की विशेष तिथियों पर श्रद्धालुओं द्वारा कल्पवृक्ष, आंवला, कदंब, शमी, बेलपत्र, वट, पीपल एवं तुलसी का पूजन किया जाता है। इसके साथ ही आश्रम में प्रतिदिन कार्तिक महात्म्य कथा का वाचन भी जारी है।