ओवरलोडेड वाहनों पर प्रशासन का शिकंजा, 8 वाहन पकड़े; 1.90 लाख जुर्माना
6 वाहन जब्त, निमियाघाट, मधुबन और बगोदर में चला विशेष जांच अभियान
जिले में ओवरलोडेड भारी वाहनों के परिचालन पर रोक लगाने के लिए जिला प्रशासन ने सख्ती तेज कर दी है। उपायुक्त रामनिवास यादव के निर्देश पर जिला परिवहन पदाधिकारी संतोष कुमार के नेतृत्व में चलाए गए विशेष जांच अभियान के दौरान 8 भारी मालवाहक वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की गई। इनमें 6 वाहनों को जब्त कर संबंधित थानों में रखा गया, जबकि दो वाहनों का ऑनलाइन चालान काटते हुए कुल 1.90 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया।
जांच अभियान के दौरान निमियाघाट थाना क्षेत्र से दो, मधुबन से तीन और बगोदर थाना क्षेत्र से एक वाहन जब्त किया गया। प्रशासन की इस कार्रवाई से ओवरलोडिंग कर वाहन चलाने वालों में हड़कंप मचा है।
जिला परिवहन पदाधिकारी संतोष कुमार ने कहा कि निर्धारित भार क्षमता से अधिक माल ढोना यातायात नियमों का उल्लंघन है। इससे सड़क दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ने के साथ सड़कों को भी नुकसान पहुंचता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि ओवरलोडिंग के मामलों में किसी तरह की रियायत नहीं दी जाएगी। वाहन मालिकों और चालकों के खिलाफ जब्ती, ऑनलाइन चालान और जुर्माने की कार्रवाई जारी रहेगी।
उन्होंने बताया कि उपायुक्त के निर्देश पर जिले में विशेष जांच अभियान आगे भी लगातार चलाया जाएगा। नियमों की अनदेखी करने वाले वाहन संचालकों पर सख्त कार्रवाई होगी।