*आयुष्मान योजना के नाम पर ग्रामीणों को जबलपुर ले जाने के मामले में एफआईआर दर्ज*
*निःशुल्क उपचार का झांसा देकर ग्रामीणों को ले जाने का आरोप, कलेक्टर के निर्देशन में संयुक्त टीम ने की कार्यवाही*
कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया के निर्देशन में एसडीएम शहपुरा एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीम द्वारा शहपुरा तहसील क्षेत्र के ग्रामीणों को निःशुल्क उपचार एवं बेहतर चिकित्सा सुविधा दिलाने का प्रलोभन देकर जबलपुर ले जाने तथा आयुष्मान भारत योजना के नाम पर कथित अनियमितता किए जाने के मामले में कार्रवाई की गई है। मामले में थाना शहपुरा में एफआईआर दर्ज कर पुलिस ने विवेचना प्रारंभ कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 31 अक्टूबर 2026 को सुबह लगभग 7 बजे ग्राम पिपरिया माल एवं कौआझिर क्षेत्र के कुछ ग्रामीणों को कुछ व्यक्तियों द्वारा स्वयं को जबलपुर स्थित सुखसागर मेडिकल कॉलेज से संबद्ध बताकर निःशुल्क इलाज एवं बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं दिलाने का भरोसा दिया गया। इसके बाद ग्रामीणों को वाहन क्रमांक एमपी 20 पीए 1209 एवं वाहन क्रमांक एमपी 20 एक्सई 2539 से जबलपुर ले जाया जा रहा था। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि यह गतिविधि जिला प्रशासन एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी की अनुमति अथवा अनुशंसा के बिना की जा रही थी।
मामले की जानकारी मिलने पर संबंधित अधिकारियों द्वारा तत्परता से कार्यवाही करते हुए खंड चिकित्सा अधिकारी शहपुरा के माध्यम से वाहनों में सवार ग्रामीणों का स्वास्थ्य परीक्षण कराया गया। प्रारंभिक जांच में किसी भी मरीज में गंभीर बीमारी के लक्षण नहीं पाए गए। शिकायत में यह आशंका भी व्यक्त की गई है कि ग्रामीणों के आयुष्मान भारत योजना के कार्ड एवं उपचार के नाम पर शासकीय योजना की राशि का दुरुपयोग किया जा सकता था। इस संबंध में ग्रामीणों के बयान एवं अन्य तथ्यों के आधार पर जांच की गई।
प्राप्त शिकायत एवं प्रारंभिक जांच के आधार पर थाना शहपुरा में भारतीय न्याय संहिता, 2023 की धारा 318(4), 61(2), 3(5) सहित अन्य सुसंगत प्रावधानों के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया है। प्रकरण की विवेचना उपनिरीक्षक मनीराम मरावी को सौंपी गई है। पुलिस द्वारा संबंधित व्यक्तियों, वाहनों, ग्रामीणों के बयान तथा उपचार एवं आयुष्मान योजना से जुड़े दस्तावेजों की जांच की जा रही है।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि शासकीय स्वास्थ्य योजनाओं के नाम पर ग्रामीणों को गुमराह करने अथवा योजनाओं के दुरुपयोग से संबंधित किसी भी गतिविधि को गंभीरता से लिया जाएगा। ग्रामीणों से भी अपील की गई है कि निःशुल्क उपचार अथवा आयुष्मान योजना का लाभ दिलाने के नाम पर किसी अनधिकृत व्यक्ति के बहकावे में न आएं तथा ऐसी किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल प्रशासन को दें।
#Dindori #DindoriDistrict #MadhyaPradesh #JansamparkDindori #CollectorDindori #AnjuPawanBhadoria #AyushmanBharat #HealthScheme #Shahpura #DindoriPolice #FIRRegistered #DistrictAdministration #PublicAwareness #HealthcareFraud
Dindori, Madhya Pradesh | Oct 31, 2026