*प्रमुख सचिव श्री अशोक बर्णवाल ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से स्वामित्व योजना सहित विभिन्न शासकीय योजनाओं की समीक्षा की*
*लंबित सीमांकन, नामांतरण एवं बंटवारा प्रकरणों का शीघ्र निराकरण करने के दिए निर्देश, मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान की भी हुई समीक्षा*
मध्यप्रदेश शासन के प्रमुख सचिव श्री अशोक बर्णवाल ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से डिंडौरी जिले में संचालित स्वामित्व योजना सहित विभिन्न शासकीय योजनाओं एवं विभागीय गतिविधियों की विस्तृत समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने योजनाओं की प्रगति की जानकारी लेते हुए शासन की प्राथमिकताओं के अनुरूप योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने तथा पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ समय-सीमा में उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
समीक्षा बैठक में स्वामित्व योजना की प्रगति की जानकारी देते हुए बताया गया कि जिले में 782 प्लॉटों का ड्रोन सर्वे किया जा चुका है। वहीं जिले में कुल 39 हजार 326 प्लॉटों के विरुद्ध 25 हजार 971 रजिस्ट्रियां पूर्ण की जा चुकी हैं। प्रमुख सचिव श्री बर्णवाल ने स्वामित्व योजना के कार्यों में तेजी लाने तथा शेष रजिस्ट्रियों की प्रक्रिया शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने राजस्व विभाग के अधिकारियों को सीमांकन, नामांतरण एवं बंटवारा से संबंधित लंबित प्रकरणों का प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र निराकरण सुनिश्चित करने के लिए कहा, ताकि किसानों एवं आम नागरिकों को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।
प्रमुख सचिव ने मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान-2026 की गतिविधियों की भी विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने अभियान के माध्यम से आमजन की समस्याओं का निराकरण करने, शासकीय सेवाओं एवं जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने तथा विभागीय समन्वय के साथ प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के दौरान जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री दिव्यांशु चौधरी, अपर कलेक्टर श्री जे.पी. यादव, एसडीएम शहपुरा श्री फरहान इरफान जामदार, संयुक्त कलेक्टर सुश्री भारती मेरावी, एसडीएम डिंडौरी श्री रामबाबू देवांगन, एसडीएम बजाग श्री पुष्पेंद्र अहके सहित विभिन्न विभागों के संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
#SwamitvaYojana #ChiefMinisterJanVishwasAbhiyan2026 #RevenueDepartment #LandRecords #LandRegistration #Demarcation #Mutation #GovernmentSchemes #GoodGovernance #PublicWelfare #MadhyaPradesh #Dindori #DindoriDistrict #JansamparkDindori #CollectorDindori