*न्यायोत्सव विधिक सेवा सप्ताह के तहत नेवसा में विधिक जागरूकता शिविर आयोजित*
*बाल विवाह रोकने के लिए ग्रामीणों एवं विद्यार्थियों को किया जागरूक, बाल विवाह मुक्त भारत की दिलाई शपथ*
राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, नई दिल्ली एवं मध्यप्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जबलपुर के निर्देशानुसार जिले में 14 से 20 नवंबर 2026 तक न्यायोत्सव-विधिक सेवा सप्ताह का आयोजन किया जा रहा है। प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण डिंडौरी श्रीमती शशिकांता वैश्य के मार्गदर्शन तथा सचिव श्री पवन कुमार पटेल के निर्देशन में 19 नवंबर को शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, नेवसा में विधिक जागरूकता शिविर आयोजित किया गया।
शिविर में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव श्री पवन कुमार पटेल ने विद्यार्थियों एवं ग्रामीणजनों को निःशुल्क विधिक सहायता, विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं, पॉक्सो एक्ट तथा असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों के लिए विधिक सेवा योजना की जानकारी दी। उन्होंने बाल विवाह के दुष्परिणामों पर प्रकाश डालते हुए बताया कि बाल विवाह से बच्चों के शारीरिक, मानसिक एवं शैक्षणिक विकास पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है तथा उनके भविष्य और अधिकार बाधित होते हैं। बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम, 2006 के तहत लड़की की विवाह की न्यूनतम आयु 18 वर्ष एवं लड़के की 21 वर्ष निर्धारित है। उन्होंने कहा कि बाल विवाह एक सामाजिक कुरीति है, जिसे रोकना समाज के प्रत्येक व्यक्ति की जिम्मेदारी है। इसके लिए परिवार, समाज एवं युवाओं को मिलकर जागरूकता फैलानी होगी।
इस अवसर पर जिला विधिक सहायता अधिकारी श्रीमती दीपिका तारन ने साइबर सुरक्षा, निःशुल्क कानूनी सहायता, विधिक सेवा योजनाओं एवं जनकल्याणकारी कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी। उन्होंने विधिक सहायता एवं परामर्श प्राप्त करने के लिए हेल्पलाइन नंबर 15100 के बारे में भी बताया।
मध्यप्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जबलपुर के निर्देशानुसार संचालित 100 दिवसीय बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत शिविर में उपस्थित ग्रामीणों एवं विद्यार्थियों को बाल विवाह मुक्त भारत की शपथ दिलाई गई। सभी ने संकल्प लिया कि वे बाल विवाह का समर्थन नहीं करेंगे, स्वयं बाल विवाह नहीं करेंगे, परिवार एवं समाज में इसके विरुद्ध जागरूकता फैलाएंगे तथा बाल विवाह की जानकारी मिलने पर संबंधित अधिकारियों को सूचित करेंगे।
शिविर में ग्राम पंचायत नेवसा के सरपंच, सचिव, विद्यालयीन स्टाफ एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के कर्मचारी उपस्थित रहे।
#Nyayotsav #LegalServicesWeek #LegalAwareness #ChildMarriageFreeIndia #StopChildMarriage #ChildRights #LegalAid #FreeLegalAid #POCSOAct #CyberSafety #NALSA #MPSLSA #Dindori #DindoriDistrict #MadhyaPradesh #JansamparkDindori #WomenEmpowerment #SocialAwareness
1 views | Dindori, Madhya Pradesh | Nov 19, 2026