भीलवाड़ा में कचरा निस्तारण के बजाय खुले में जलाया जा रहा कचरा, जहरीले धुएं से लोगों का सांस लेना हुआ मुश्किल !
कुंवाडा रिंग रोड पर प्रज्ञा सर्कल के आगे कचरे के ढेर में लगाई जा रही आग, नगर निगम की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल, आयुक्त से तत्काल कार्रवाई की मांग ?
भीलवाड़ा : राजकुमार गोयल
भीलवाड़ा शहर में कचरा निस्तारण की व्यवस्था एक बार फिर सवालों के घेरे में है। शहर के कुंवारा रिंग रोड पर प्रज्ञा सर्कल के आगे चौराहे के पास भारी मात्रा में कचरा जमा किया जा रहा है। आरोप है कि नगर निगम के कर्मचारी इस कचरे का उचित निस्तारण करने के बजाय रात के समय इसमें आग लगा देते हैं। इससे निकलने वाला जहरीला धुआं आसपास के क्षेत्र में फैल रहा है, जिससे स्थानीय निवासियों को सांस लेने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि जहां कचरा डाला जा रहा है, उसके आसपास आवासीय क्षेत्र के साथ-साथ मूक-बधिर एवं मंदबुद्धि विद्यालय भी संचालित है। ऐसे में कचरे से उठने वाला धुआं बच्चों, बुजुर्गों और आम नागरिकों के स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा बन सकता है। रात के समय कचरा जलाए जाने से पूरे क्षेत्र में प्रदूषण फैल रहा है, लेकिन जिम्मेदार अधिकारियों का इस ओर ध्यान नहीं जा रहा है।
लोगों का कहना है कि दीपावली के चार-पांच दिन के अवकाश के दौरान शहर में जगह-जगह कचरे के ढेर लग गए। कीरखेड़ा स्थित निर्धारित डंपिंग स्थल पर कचरा पहुंचाने के बजाय तिलक नगर, पंचवटी, ज्योति नगर सहित शहर के अनेक इलाकों में कचरा खुले स्थानों पर डाला जा रहा है। इसके बाद कई स्थानों पर कचरे को आग के हवाले कर दिया जाता है। आखिरकार इस कचरे का उचित निस्तारण कब और कैसे होगा? खुले में कचरा जलाने की जिम्मेदारी किसकी है?
स्थानीय नागरिकों ने सवाल उठाया है कि जब नगर निगम के पास कचरा संग्रहण और निस्तारण के लिए कर्मचारी एवं वाहन व्यवस्था मौजूद है, तो फिर शहर के चौराहों और रिहायशी इलाकों में कचरे के ढेर क्यों लगाए जा रहे हैं? क्या नगर निगम के अधिकारियों और क्षेत्रीय पार्षदों को यह समस्या दिखाई नहीं दे रही है?
नागरिकों ने नगर निगम आयुक्त से मांग की है कि कुंवाडा खान, रिंग रोड, प्रज्ञा सर्कल सहित शहर के सभी ऐसे स्थानों का तत्काल निरीक्षण करवाया जाए, जहां खुले में कचरा डाला जा रहा है। कचरा जलाने वाले जिम्मेदार कर्मचारियों की पहचान कर नियमानुसार कार्रवाई की जाए तथा संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही भी तय की जाए। साथ ही कचरे को निर्धारित डंपिंग स्थल तक पहुंचाने और नियमित सफाई की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
अब सवाल यह है कि क्या नगर निगम प्रशासन किसी बड़ी जनस्वास्थ्य समस्या का इंतजार कर रहा है? स्थानीय लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो इस पूरे मामले का वीडियो एवं शिकायत मुख्यमंत्री तक पहुंचाई जाएगी। नागरिकों ने प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप कर क्षेत्रवासियों को प्रदूषण और जहरीले धुएं से राहत दिलाने की मांग की है।