पंचायत एवं नगरीय निकाय उप निर्वाचन-2026
प्रेक्षक श्री सिंह, कलेक्टर डॉ. मीना एवं एसपी श्री सोनी ने नलखेड़ा एवं सुसनेर के मतदान केन्द्रों का निरीक्षण कर सुचारू मतदान व्यवस्था का जायजा लिया, दिए आवश्यक निर्देश
राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जिले में जनपद क्षेत्र नलखेड़ा के दो वार्डों में जनपद सदस्य के उप निर्वाचन एवं नगर परिषद सुसनेर के अध्यक्ष पद के उप निर्वाचन हेतु 29 सितंबर को हुए मतदान में मतदाताओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए अपने मताधिकार का उपयोग किया।
राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा जिले के लिए नियुक्त प्रेक्षक श्री दुर्ग विजय सिंह, कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. शेर सिंह मीना एवं पुलिस अधीक्षक श्री दिलीप सोनी ने मंगलवार को प्रातः से ही जनपद क्षेत्र नलखेड़ा के दो वार्डों में स्थित मतदान केन्द्रों का निरीक्षण कर शांतिपूर्ण, सुव्यवस्थित एवं सुचारू मतदान व्यवस्था का जायजा लिया।
प्रेक्षक श्री सिंह, कलेक्टर डॉ. मीना एवं एसपी श्री सोनी ने नगरीय क्षेत्र सुसनेर का सघन भ्रमण कर नगर में स्थित विभिन्न मतदान केन्द्रों का निरीक्षण किया तथा स्वतंत्र, निष्पक्ष, शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित मतदान व्यवस्था का जायजा लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
कलेक्टर एवं एसपी ने नगर सुसनेर में संतोष कैथोलिक हाई स्कूल स्थित मतदान केन्द्र क्रमांक 7 एवं 8, नवीन शाला भवन बालक ईदगाह के पास मतदान केन्द्र क्रमांक 1 एवं 2, प्राथमिक शाला भवन इतवारिया, मतदान केन्द्र क्रमांक 3 एवं 4, कन्या माध्यमिक विद्यालय पुरानी कचहरी स्थित मतदान केन्द्र क्रमांक 5 एवं सत्यनारायण गली पुराना बस स्टैंड मांगलिक भवन स्थित मतदान केन्द्र क्रमांक 10 आदि का आकस्मिक निरीक्षण कर वहां जारी मतदान प्रक्रिया, मतदाताओं के लिए छाया, पेयजल, प्रवेश एवं निकासी की सुगम व्यवस्था का जायजा लिया। इस अवसर पर एसडीएम श्रीमती देवकुंवर सोलंकी, एसडीओपी श्री देवनारायण यादव, तहसीलदार, मुख्य नगरपालिका अधिकारी एवं अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे। समाचार लिखे जाने तक नगर परिषद् सुसनेर के सभी मतदान केन्द्रों पर स्वतंत्र, निष्पक्ष, शांतिपूर्ण, सुव्यवस्थ्ज्ञित एवं सुचारू मतदान जारी था। मतदाता उत्साहपूर्वक लोकतंत्र के इस उत्सव में अपनी सहभागिता करते हुए नजर आएं।
#agarmalwa
#आगरमालवा
Agar Malwa, Madhya Pradesh | Sep 29, 2026