उल्लास’’-नवभारत साक्षरता कार्यक्रम के तहत मूल्यांकन साक्षरता परीक्षा 24 अक्टूबर को होगी
जिले में 60 हजार नव साक्षर होंगे शामिल
राज्य शिक्षा केन्द भोपाल एवं कलेक्टर डॉ. शेरसिंह मीना के निर्देशानुसार उल्लास नवभारत साक्षरता कार्यक्रम के तहत मूलभूत साक्षरता एवं संख्यात्मक परीक्षा 24 अकटूबर को आयोजित की जा रही है। इस परीक्षा की तैयारियों के संबंध में गुरूवार को जिला शिक्षा कार्यालय के सभा कक्ष में जिले के सभी सहायक परियोजना समन्वयकों एवं विकासखंड स्त्रोत समन्वयकों, बीएसी, विकासखंड सह समन्वयकों साक्षरता ,संकुल सह समन्वयकों (साक्षरता), जनशिक्षको की बैठक आयोजित की गई।
बैठक में जिला शिक्षा अधिकारी श्री नितेश पाण्डे ने बताया कि मूल्यांकन साक्षरता परीक्षा प्रातः 10.00 बजे से सायं 5 बजे तक होगी। जिसमें नवसाक्षर परीक्षा केन्द्र पर अपने समय के अनुसार तीन घंटे के लिए परीक्षा दे सकेंगे। ग्राम/वार्ड स्तर पर व्यापक प्रचार प्रसार कर, डोंडी पिटवाकर, पेम्पलेट प्रिंट करवाकर मैदानी अमले का सहयोग लेकर शत-प्रतिशत लक्ष्य अनुरूप नवसाक्षरों को परीक्षा में शामिल होने के लिये प्रेरित करने के निर्देश दिए गए।
सहायक संचालक (शिक्षा) ने निर्देशित किया कि मूल्यांकन साक्षरता परीक्षा हेतु निर्धारित लक्ष्य अनुसार कार्य को पूर्ण करें एवं सभी शालाओं में संचालित सामाजिक चेतना केन्द्रों की सुचारू रूप मॉनिटरिंग कार्य करें एवं मूल्यांकन साक्षरता परीक्षा की गोपनीयता रखते हुए कार्य करें।
बैठक में बताया गया कि मूल्यांकन परीक्षा में प्रश्न-पत्र टू इन वन होकर कुल 150 अंको का होगा एवं प्रश्न-पत्र के तीन भागों में विभाजित किया गया है जिसमें पहला भाग ‘‘पढ़ना’’ के 50 अंक, दूसरा भाग ‘‘लिखना’’ के 50 अंक एवं तीसरा भाग ‘‘गणित संख्यात्मक ज्ञान’’ के 50 अंक इस प्रकार कुल 150 अंकों की मूल्यांकन परीक्षा आयोजित होगी । विकासखंड-आगर नवसाक्षर 18550, विकासखंड- बड़ौद 14850,विकासखंड नलखेड़ा में 9000 विकासखंड सुसनेर में 17600 इस प्रकार जिले में कुल 60000 नवसाक्षर इस परीक्षा में सम्मिलित होंगे।
CM Madhya Pradesh
Jansampark Madhya Pradesh
Department of School Education, Madhya Pradesh
#agarmalwa