सड़क पर उतरी कांग्रेस,आकाशवाणी चौराहे पर जाम लगाकर किया प्रदर्शन
डबल इंजन सरकार’ पर कांग्रेस का हमला,भाजपा विधायक ललिता यादव पर पूर्व विधायक आलोक चतुर्वेदी ने साधा निशाना
छतरपुर। शहर की बदहाल सड़कों, डिवाइडर निर्माण में कथित अनियमितताओं, यातायात व्यवस्था और जिला अस्पताल की व्यवस्थाओं को लेकर कांग्रेस ने गुरुवार को सड़क पर उतरकर विरोध प्रदर्शन किया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने आकाशवाणी चौराहे पर जाम लगाकर धरना दिया और जमकर नारेबाजी की।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष गगन यादव के नेतृत्व में हुए प्रदर्शन में पूर्व विधायक आलोक चतुर्वेदी, पूर्व विधायक नीरज दीक्षित, विधायक रामसिया भारती, पूर्व जिलाध्यक्ष मनोज त्रिवेदी, पूर्व जिलाध्यक्ष लखन पटेल सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने भाजपा सरकार पर छतरपुर की मूलभूत समस्याओं की अनदेखी करने का आरोप लगाया। कांग्रेस द्वारा मुख्यमंत्री के नाम सौंपे गए ज्ञापन में PWD और NH के अंतर्गत आने वाली सड़कों पर नगर पालिका द्वारा कराए गए डिवाइडर निर्माण, टेंडर, स्वीकृति, कार्यादेश, तकनीकी स्वीकृति और भुगतान की उच्चस्तरीय जांच की मांग की गई है।
कांग्रेस ने आरोप लगाया कि शहर में डिवाइडर निर्माण के कारण कई स्थानों पर सड़क के दोनों ओर यातायात प्रभावित हो रहा है और जल निकासी की व्यवस्था भी बाधित हुई है। इसके साथ ही यातायात व्यवस्था सुधार के नाम पर कथित अनावश्यक वसूली, अवैध पार्किंग, अतिक्रमण और सड़कों पर आवारा पशुओं के जमावड़े को लेकर भी सवाल उठाए गए।
कांग्रेस जिला अध्यक्ष गगन यादव ने कहा कि छतरपुर जिले के हाल बताने की जरूरत नहीं है जनता सब समझ चुकी है लेकिन अब जनता त्रस्त हो चुकी है और सड़कों के हालात बड़ी दुखद है,पूर्व विधायक आलोक चतुर्वेदी ने वर्तमान भाजपा विधायक ललिता यादव पर निशाना साधते हुए कहा कि शहर की जनता सड़क, यातायात, स्वास्थ्य और अन्य मूलभूत समस्याओं से परेशान है, लेकिन उनकी समस्याओं को सुनने वाला कोई नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि छतरपुर में कई सरकारी विभागों की व्यवस्थाएं ठेकेदारी प्रथा के भरोसे चल रही हैं और भाजपा शासनकाल में जनता परेशान है।
ज्ञापन में जिला अस्पताल की व्यवस्थाओं की उच्चस्तरीय जांच, मरीजों को आवश्यक दवाइयों की नियमित उपलब्धता, प्रसव एवं अन्य उपचार के नाम पर कथित अवैध वसूली की जांच तथा मरीजों को निजी अस्पतालों में भेजे जाने संबंधी शिकायतों पर कार्रवाई की मांग भी की गई है।
कांग्रेस ने चेतावनी दी कि यदि इन मामलों में शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो पार्टी आगे भी आंदोलन करेगी।
प्रदर्शन में अनित्या सिंह, आवेद सिद्दिकी, संतोष तिवारी, आदित्य सिंह, अशोक मिश्रा, सूर्यप्रताप सिंह, कंचन शुक्ला, शिवानी चौरसिया, दीप्ति पांडेय, धीरज मिश्रा, सादफ खान, मंजू शर्मा,दीपांशु यादव सहित कांग्रेस के अनेक नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
आलोक कुमार यादव गगन यादव टीम काँग्रेस