*निर्मोही अखाड़ा के महंत पर हमला मारपीट और गोलीबारी का आरोप*
*चार लोगों पर जान से मारने का आरोप, महाराजपुर पुलिस ने मामला दर्ज कर तलाश शुरू की*
*सिंहपुर चरण पादुका बुंदेलखंड के जलियांवाला बाग की घटना*
महाराजपुर/सिंहपुर। छतरपुर जिले के महाराजपुर तहसील क्षेत्र के ग्राम सिंहपुर स्थित प्रसिद्ध चरण पादुका हनुमान मंदिर में बीती रात महंत के साथ मारपीट और गोलीबारी किए जाने का मामला सामने आया है। घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई।
जानकारी के अनुसार, चरण पादुका स्थित श्री श्री 1008 हनुमान मंदिर, निर्मोही अखाड़ा के सदस्य एवं चरण सेवक महंत रामचरण दास के आश्रम में बीती रात करीब 12 बजे चार लोग पहुंचे। आरोप है कि सिंहपुर निवासी सुरेश दास मिश्रा, हंसपुरा निवासी बृजेश रिछरिया अपने दो अन्य साथियों के साथ आश्रम पहुंचे और महंत रामचरण दास के साथ मारपीट की। महंत ने इस दौरान अंधाधुंध गोलीबारी किए जाने का भी आरोप लगाया है।
*मंदिर की जमीन को लेकर विवाद का आरोप*
महंत रामचरण दास ने बताया कि उनका आरोपियों के साथ किसी प्रकार का व्यक्तिगत विवाद नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोग मंदिर एवं आश्रम की जमीन पर लंबे समय से नजर रखे हुए हैं और करीब 25 एकड़ जमीन को लेकर पूर्व में भी विवाद की स्थिति बनती रही है।
महंत का आरोप है कि पूर्व में आश्रम के महंत के साथ भी मारपीट कर दबाव बनाने का प्रयास किया गया था। इसी विवाद के चलते आरोपित रात में आश्रम पहुंचे और उन्हें जान से मारने की नीयत से हमला किया। महंत के अनुसार, घटना के दौरान गोलीबारी की गई और मौके पर कारतूस के खोखे भी मिले हैं।
*गंभीर हालत में अस्पताल रेफर*
घटना के बाद महंत रामचरण दास किसी तरह अपनी जान बचाकर वहां से निकले। बाद में उन्हें उपचार के लिए महाराजपुर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया, जहां चिकित्सक डॉ. आलोक चौरसिया ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत को देखते हुए जिला अस्पताल छतरपुर रेफर कर दिया।
घटना की सूचना सुबह महाराजपुर थाना पुलिस को दी गई। महंत की शिकायत पर पुलिस ने गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस द्वारा घटनास्थल का निरीक्षण, कथित कारतूस के खोखों सहित अन्य साक्ष्यों की जांच की जा रही है।
फिलहाल घटना के पीछे का वास्तविक कारण क्या है, गोलीबारी किस हथियार से की गई और आरोपों में कितनी सच्चाई है, यह पुलिस की जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
Chhatarpur Nagar, Chhatarpur | Sep 12, 2026