बेतिया निबंधन कार्यालय के निरीक्षण में डीएम तरनजोत सिंह ने दिए सख्त निर्देश...
पश्चिम चंपारण जिले के डीएम तरनजोत सिंह ने सोमवार को निबंधन कार्यालय का आवश्यक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने निबंधन प्रक्रिया, ई-निबंधन, पेपरलेस निबंधन व्यवस्था, सर्विस प्रोवाइडर की कार्यप्रणाली और कार्यालय परिसर में अनधिकृत लोगों की मौजूदगी सहित कई महत्वपूर्ण बिंदुओं की समीक्षा की। डीएम ने अधिकारियों और कर्मियों को निबंधन प्रक्रिया को पारदर्शी, व्यवस्थित और आम लोगों के लिए सुविधाजनक बनाने का निर्देश दिया। निरीक्षण के दौरान डीएम तरनजोत सिंह ने कहा कि इससे पहले भी उन्होंने निबंधन कार्यालय का निरीक्षण किया था। उस समय स्पष्ट निर्देश दिया गया था कि कार्यालय परिसर में किसी भी गैर-अधिकृत व्यक्ति को रहने की अनुमति नहीं दी जाए। उन्होंने कहा कि कई बार ऐसी शिकायतें प्राप्त होती हैं कि रजिस्ट्री की प्रक्रिया को प्रभावित करने के उद्देश्य से कुछ गैर-अधिकृत लोग निबंधन कार्यालय परिसर में मौजूद रहते हैं। ऐसे लोगों की मौजूदगी से निबंधन प्रक्रिया की पारदर्शिता प्रभावित होने की आशंका रहती है। डीएम ने बताया कि आज के निरीक्षण के दौरान ऐसा कोई भी गैर-अधिकृत व्यक्ति परिसर में मौजूद नहीं मिला। हालांकि, उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि भविष्य में भी इस व्यवस्था को सख्ती से बनाए रखा जाए। जो भी व्यक्ति अधिकृत रूप से कार्यालय परिसर में कार्य कर रहे हैं, वे अपना आइडेंटिटी कार्ड लगाकर ही परिसर में रहें, ताकि उनकी पहचान आसानी से की जा सके और आम लोगों को भी यह स्पष्ट रहे कि कौन व्यक्ति अधिकृत है और कौन नहीं। पेपरलेस निबंधन को बढ़ावा देने के सवाल पर डीएम ने कहा कि इसके लिए सर्विस प्रोवाइडर को लाइसेंस दिया गया है। विभाग की ओर से भी इस दिशा में कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए हैं। उन्होंने बताया कि सभी सर्विस प्रोवाइडर को एक सहायक रखने की अनुमति दी गई है और इसके लिए नियुक्ति की प्रक्रिया भी चल रही है। डीएम ने कहा कि निरीक्षण के दौरान उन्होंने पेपरलेस निबंधन की प्रक्रिया को स्वयं देखा है। उन्होंने कहा कि वर्तमान में पेपरलेस निबंधन की प्रक्रिया काफी आसानी से संचालित हो रही है और इसे सफल बनाने के लिए सभी स्तरों पर प्रयास किए जा रहे हैं। सरकार और विभाग की ओर से निबंधन प्रक्रिया को अधिक आधुनिक और सरल बनाने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। डीएम तरनजोत सिंह ने बताया कि ई-निबंधन प्रक्रिया की भी आज समीक्षा की गई है। इस दौरान सर्विस प्रोवाइडर द्वारा किए जा रहे कार्यों के साथ-साथ निबंधन से जुड़ी अन्य प्रक्रियाओं को भी देखा गया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से कार्यप्रणाली की जानकारी लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान स्पेशल मैरिज एक्ट के तहत होने वाले निबंधन को लेकर भी चर्चा हुई। डीएम ने बताया कि नेपाल की ऐसी महिलाएं, जिनकी शादी के बाद वे पश्चिम चंपारण जिले में रह रही हैं, उनके निबंधन के लिए प्रशासन की ओर से अभियान चलाया जा रहा है। स्पेशल मैरिज एक्ट के प्रावधानों के अनुसार उनका निबंधन कराया जाता है। इसके बाद संबंधित महिलाएं नागरिकता प्रमाण पत्र के लिए आवेदन कर सकती हैं। डीएम ने कहा कि निबंधन कार्यालय की पूरी व्यवस्था को पारदर्शी, व्यवस्थित और सुगम बनाने के लिए लगातार निरीक्षण और समीक्षा की जा रही है। अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि आम लोगों को किसी प्रकार की परेशानी न हो और निबंधन की प्रक्रिया नियमानुसार एवं पूरी पारदर्शिता के साथ संचालित हो।
#champaran24news #viralreelschallenge #CMBihar #viralvideochallenge #BJPGovernment #RJD