बालोद में कॉलेज जा रही युवती पर हुए एसिड अटैक के मामले ने पूरे जिले को झकझोर दिया है। घटना में घायल युवती का रायपुर के अस्पताल में इलाज चल रहा है। इसी बीच प्रदेश महिला कांग्रेस की प्रभारी अध्यक्ष एवं विधायक संगीता सिन्हा देर रात रायपुर अस्पताल पहुंचीं और घायल छात्रा से मुलाकात कर उसका हाल जाना।
बिलासपुर–मुंगेली दौरे से लौटने के बाद संगीता सिन्हा सीधे अस्पताल पहुंचीं। उन्होंने घायल छात्रा के पास बैठकर उससे बातचीत की और उसके स्वास्थ्य की जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने छात्रा का हौसला बढ़ाते हुए कहा कि “हम सब उसके साथ हैं।” उन्होंने घटना में शामिल आरोपी के खिलाफ जल्द कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि आरोपी को कड़ी से कड़ी सजा मिलनी चाहिए। छात्रा से मुलाकात का वीडियो भी सामने आया है।