मध्यरात्रि में देवास पुलिस की सघन चेकिंग, 675 वाहनों की जांच
देवास। अपराधों की रोकथाम और रात्रिकालीन सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए देवास पुलिस ने 15-16 सितंबर की मध्यरात्रि जिलेभर में सघन वाहन चेकिंग और रात्रि गश्त की। पुलिस टीमों ने प्रमुख मार्गों, चौराहों, प्रवेश-निकास मार्गों और संवेदनशील स्थानों पर 675 वाहनों की जांच की।
शहरी क्षेत्र में 485 और ग्रामीण क्षेत्रों में 190 वाहनों की चेकिंग की गई। इस दौरान चार संदिग्ध वाहनों को रोककर दस्तावेजों का सत्यापन किया गया। नाहर दरवाजा पुलिस ने राजौदा चौराहे पर एक मोटरसाइकिल पर मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई की। बैंक नोट प्रेस पुलिस ने मक्सी बायपास पर दो संदिग्ध वाहनों पर कार्रवाई की, जबकि उदयनगर पुलिस ने एक संदिग्ध ट्रक को जांच के लिए थाने पर खड़ा कराया।
रात्रि गश्त के दौरान पुलिस ने निगरानीशुदा बदमाशों पर भी नजर रखी। जिलेभर में 20 गुण्डा और 2 हिस्ट्रीशीटरों की चेकिंग कर उनकी उपस्थिति एवं गतिविधियों का सत्यापन किया गया।
पुलिस अधीक्षक पुनीत गेहलोद के निर्देश पर यह अभियान अपराध नियंत्रण और संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी के लिए लगातार जारी है। पुलिस ने आमजन से यातायात नियमों का पालन करने और किसी भी संदिग्ध व्यक्ति, वाहन या गतिविधि की सूचना डायल-112 पर देने की अपील की है।