ऑपरेशन प्रहार: अवैध हथियारों के साथ 5 आरोपी गिरफ्तार, दो पिस्टल-कारतूस और तीन चाकू बरामद
देवास। आगामी त्यौहारों के मद्देनजर देवास पुलिस द्वारा अवैध हथियारों के खिलाफ चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत थाना औद्योगिक क्षेत्र पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 32 बोर की दो अवैध देशी पिस्टल, दो जिंदा कारतूस और तीन धारदार खटकेदार चाकू बरामद किए हैं। जब्त हथियारों की कुल अनुमानित कीमत करीब 50 हजार रुपए बताई गई है।
पुलिस के अनुसार, थाना औद्योगिक क्षेत्र पुलिस को मुखबिरों से सूचना मिली थी कि कुछ व्यक्ति अवैध हथियार लेकर शहर में घूम रहे हैं। सूचना की तस्दीक के बाद पुलिस टीम ने थाना क्षेत्र के अलग-अलग स्थानों पर दबिश और घेराबंदी कर पांच आरोपियों को पकड़ा।
कार्रवाई में दानिश पिता गुल गौश शेख (22), निवासी रसूलपुर के कब्जे से 32 बोर की एक अवैध देशी पिस्टल और एक जिंदा कारतूस तथा शैलेन्द्र पिता दिनेश कैलवा (21), निवासी बोरखेड़ी धाकड़ के कब्जे से एक अवैध देशी पिस्टल और एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया।
इसी तरह अंकित पिता जितेन्द्र सांवलिया (21), निवासी चाणक्यपुरी मल्टी, अशोक उर्फ बारिक पिता राजाराम भील (42), निवासी सर्वोदय नगर और रोहित उर्फ बच्चा पिता संतोष शर्मा (27), निवासी जवाहर नगर के कब्जे से एक-एक धारदार खटकेदार चाकू जब्त किया गया।
पुलिस ने पांचों आरोपियों के खिलाफ थाना औद्योगिक क्षेत्र में पृथक-पृथक अपराध दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक आगामी त्यौहारों को देखते हुए जिले में कानून-व्यवस्था और आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए अवैध हथियार रखने, उनका परिवहन करने और हथियारों से जुड़ी गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक पुनीत गेहलोत के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर गजेन्द्र सिंह वर्धमान के मार्गदर्शन, नगर पुलिस अधीक्षक सुमित अग्रवाल के निर्देशन तथा थाना प्रभारी औद्योगिक क्षेत्र निरीक्षक अमित सोलंकी के नेतृत्व में की गई।
कार्रवाई में उपनिरीक्षक गौरव नगावत सहित पुलिस टीम के प्रधान आरक्षक राबी, मुकुट, भारत, शैलेन्द्र तथा आरक्षक लक्ष्मीकांत, अर्पित, राहुल शर्मा और राजू मुजाल्दे की महत्वपूर्ण भूमिका रही।