#Balrampur ! मोमबत्ती की चिंगारी बनी तबाही का सबब: उतरौला में भीषण आग से परिवार का आशियाना खाक, लाखों का नुकसान...
गांधी नगर मोहल्ले में देर रात 3 बजे हादसा, नगदी, अनाज और सारा घरेलू सामान जला...
हल्का लेखपाल ने मौके पर पहुंचकर नुकसान का किया आकलन, परिवार खुले आसमान के नीचे आया...
#उतरौला (#बलरामपुर)। कोतवाली क्षेत्र के गांधी नगर मोहल्ले में देर रात एक दर्दनाक हादसा सामने आया, जहां मोमबत्ती की चिंगारी ने पूरे मकान को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में घर के भीतर रखा नगदी, अनाज, कपड़े और इलेक्ट्रॉनिक सामान समेत लाखों रुपये का घरेलू सामान जलकर राख हो गया। गनीमत यह रही कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन पीड़ित परिवार के सामने अब जीवन-यापन का संकट खड़ा हो गया है।
मिली जानकारी के अनुसार, गांधी नगर निवासी राकेश पुत्र लल्लन मंगलवार रात अपने घर में मोमबत्ती जलाकर सो गए थे। रात करीब 3 बजे जलती हुई मोमबत्ती से अचानक घर में आग लग गई। जब तक सो रहे परिजनों की नींद खुली और वे कुछ समझ पाते, तब तक लपटों ने पूरे घर को अपनी आगोश में ले लिया था।
परिजन और स्थानीय लोगों ने कड़ी मशक्कत कर आग पर काबू पाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक घर में रखे पंखे, कूलर, बर्तन, चारपाई, कपड़े, अनाज और नगदी समेत पूरी गृहस्थी जलकर नष्ट हो चुकी थी।
घटना की सूचना मिलने पर हल्का लेखपाल अखिलेश वर्मा ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का मुआयना किया और पीड़ित परिवार के हुए नुकसान का आकलन रिपोर्ट तैयार की। इस अग्निकांड के बाद पीड़ित परिवार खुले आसमान के नीचे आने को मजबूर हो गया है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से प्रभावित परिवार को जल्द से जल्द आर्थिक सहायता और राहत सामग्री प्रदान करने की मांग की है।
#Utraula #Balrampur