#Balrampur ! #उतरौला में दाखिल-खारिज ऑनलाइन करने के विरोध में वकीलों का प्रदर्शन, श्यामा प्रसाद मुखर्जी चौराहे तक निकाला जुलूस...
#उतरौला (#बलरामपुर)। दाखिल-खारिज (म्यूटेशन) के मुकदमों की प्रक्रिया ऑनलाइन किए जाने के शासन के फैसले के खिलाफ उतरौला तहसील के अधिवक्ताओं का विरोध प्रदर्शन जारी है। बुधवार को अधिवक्ता संघ के नेतृत्व में वकीलों ने तहसील परिसर से श्यामा प्रसाद मुखर्जी चौराहे तक जुलूस निकालकर सरकार विरोधी नारेबाजी की। इस दौरान उप-निबंधक कार्यालय में बैनामा कार्य पूरी तरह ठप रहा।
अधिवक्ता संघ उतरौला के अध्यक्ष प्रहलाद यादव और महामंत्री रवि मिश्रा की अगुवाई में दर्जनों अधिवक्ताओं ने तहसील परिसर से जुलूस निकाला। जुलूस मुख्य मार्ग से होते हुए श्यामा प्रसाद मुखर्जी चौराहे तक पहुंचा, जहां वकीलों ने अपनी मांगों के समर्थन में जमकर नारेबाजी की। जुलूस के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए भारी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा। हालांकि, इस प्रदर्शन से आवागमन सामान्य बना रहा और यातायात प्रभावित नहीं हुआ।
उधर, अधिवक्ताओं द्वारा जमीन की रजिस्ट्री के कार्य के बहिष्कार के कारण उप-निबंधक (सब-रजिस्ट्रार) कार्यालय उतरौला में दिनभर सन्नाटा पसरा रहा। एक भी बैनामा न होने से सरकार को लाखों रुपये के राजस्व का नुकसान उठाना पड़ रहा है। अधिवक्ताओं का कहना है कि जब तक उनकी मांगों पर विचार नहीं किया जाता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।
#utraula #balrampur