कैमूर कुदरा में 13 किलो गांजा के साथ महिला-पुरुष तस्कर गिरफ्तार
कैमूर के कुदरा रेलवे स्टेशन के समीप पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर 13 किलो गांजा के साथ महिला और पुरुष तस्कर को गिरफ्तार किया है। दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की जा रही है। गिरफ्तार महिला की पहचान अनिता कुमारी के रूप में हुई है, जो रोहतास जिले की रहने वाली बताई गई है। वहीं पुरुष तस्कर की पहचान संजय कुमार के रूप में हुई है, जो कुदरा थाना क्षेत्र का निवासी बताया जा रहा है। पुलिस दोनों से पूछताछ कर रही है कि गांजा की खेप कहां से लाई गई थी और इसे कहां खपाने की योजना थी।
मामले की पुष्टि करते हुए मजिस्ट्रेट सह अंचलाधिकारी विवेक कुमार ने बताया कि मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में 13 किलो गांजा बरामद किया गया है। दोनों आरोपियों को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए कुदरा थाना पुलिस को सौंप दिया गया है।
कुदरा थानाध्यक्ष ने बताया कि मामले में एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस गांजा तस्करी से जुड़े पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी है।